पाकिस्तान के खिलाफ तीसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग XI का किया ऐलान, रेहान अहमद को मिली जगह
17 दिसंबर से कराची में पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच तीसरा टेस्ट मुकाबला शुरू हो रहा है।
अद्यतन - दिसम्बर 16, 2022 4:10 अपराह्न

17 दिसंबर से कराची में पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच तीसरा टेस्ट मुकाबला शुरू हो रहा है। इसी टेस्ट मैच को लेकर इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग XI की घोषणा की है। बता दें, विल जैक्स की जगह 18 वर्षीय युवा स्पिनर रेहान अहमद को प्लेइंग XI में शामिल किया गया है जबकि तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन की जगह विकेटकीपर बल्लेबाज बेन फोक्स को खेलते हुए देखा जाएगा।
बता दें, रेहान अहमद पाकिस्तान के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच में जैसे ही मैदान पर उतरेंगे वो इंग्लैंड के सबसे युवा टेस्ट डेब्यू खिलाड़ी होंगे। पहले दो टेस्ट में वो सब्सीट्यूट फील्डर थे। रेहान ने अभी तक 3 फर्स्ट क्लास मुकाबले खेले हैं जिसमें उन्होंने 9 विकेट झटके हैं जबकि 1 शतक भी जड़ा है। इंग्लिश मैनेजमेंट उनके प्रदर्शन से काफी प्रभावित हुए और इसी वजह से अहमद को पाकिस्तान के खिलाफ तीन मुकाबलों की टेस्ट सीरीज के लिए दल में शामिल किया।
रेहान अहमद के चयन को लेकर बेन स्टोक्स ने कही ये बात
इंग्लैंड कप्तान बेन स्टोक्स ने तीसरे टेस्ट मुकाबले में रेहान अहमद के चयन के पीछे का महत्व बताया है। स्टोक्स ने कहा कि मैनेजमेंट किसी भी खिलाड़ी को दल में शामिल नहीं कर रही है। रेहान का चयन उनके टैलेंट की वजह से हुआ है।
बेन स्टोक्स ने रिपोर्टरों से कहा कि, ‘जब हम रेहान को दल में शामिल करने की बातचीत कर रहे थे तब हम उन्हें सिर्फ टीम में शामिल नहीं करना चाह रहे थे बल्कि उनके टैलेंट को दुनिया के सामने भी रखना चाह रहे थे। हमें लगा कि रेहान इंग्लैंड के लिए सबसे सही खिलाड़ी होंगे। ऐसा नहीं है कि मैनेजमेंट सभी खिलाड़ियों को कैप दे रही है। रेहान को उनके टैलेंट की वजह से मौका मिला है।’
बीमार होने की वजह से विकेटकीपर बल्लेबाज बेन फोक्स दल में शामिल नहीं हो पाए थे और इसी वजह से विकेटकीपिंग का जिम्मा ओली पोप ने संभाला था। अब जब इंग्लैंड तीन मुकाबलों की टेस्ट सीरीज अपने नाम कर चुकी है तो इंग्लिश मैनेजमेंट ने फोक्स को प्लेइंग XI में शामिल करने का फैसला लिया है। एंडरसन की जगह यह खिलाड़ी तीसरे टेस्ट में खेलते हुए नजर आएगा।
तीसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड की प्लेइंग XI:
जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रुक, बेन स्टोक्स (कप्तान), बेन फोक्स (विकेटकीपर), रेहान अहमद, ओली रॉबिन्सन, मार्क वुड, जैक लीच।