SA vs PAK: पाकिस्तान ने दक्षिण अफ्रीका को लगातार दूसरे वनडे में हराया, सीरीज किया अपने नाम
केपटाउन में खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में पाकिस्तान ने दक्षिण अफ्रीका को 81 रन से हराया।
अद्यतन - Dec 20, 2024 4:27 pm

केपटाउन में खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में पाकिस्तान ने दक्षिण अफ्रीका को 81 रन से हराया। मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 329 रन बनाए। टीम की ओर से कप्तान मोहम्मद रिजवान ने 80 रन बनाए, जबकि बाबर आजम ने 73 रनों का योगदान दिया। वहीं कामरान गुलाम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए चार चौके और पांच छक्कों की मदद से 63 रनों की धुआंधार पारी खेली।
इसके अलावा सैम अयूब ने 25 रन बनाए, जबकि इरफान खान 15 रन के निजी स्कोर पर आउट हो गए। मेजबान की ओर से युवा तेज गेंदबाज Kwena Maphaka ने 4 विकेट झटके, जबकि मार्को यान्सन ने 3 विकेट अपने नाम किए।
काम ना आई हेनरिक क्लासेन की तूफानी पारी
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम ने काफी खराब बल्लेबाजी की और 248 रनों पर टीम ढेर हो गई। मेजबान की ओर से हेनरिक क्लासेन ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 8 चौके और 4 छक्कों की मदद से 97 रन बनाए। लेकिन वो अपनी टीम को जीत दिलाने में नाकाम रहे। क्लासेन के अलावा Tony De Zorzi ने 34 रन बनाए, जबकि डेविड मिलर 29 रन बनाकर वापस पवेलियन लौट गए।
पाकिस्तान की ओर से शाहीन शाह अफरीदी ने चार विकेट झटके, जबकि नसीम शाह ने तीन विकेट अपने नाम किए। अबरार अहमद ने दो विकेट हासिल किए। इस जीत के साथ पाकिस्तान ने तीन मैचों की वनडे सीरीज को 2-0 से अपने नाम कर लिया है। इन दोनों टीमों के बीच खेले गए पहले वनडे मैच को पाकिस्तान ने तीन विकेट से अपने नाम किया था। अब इन दोनों टीमों के बीच तीसरा और अंतिम वनडे मैच 22 दिसंबर को खेला जाएगा। तीसरे वनडे को भी पाकिस्तान अपने नाम जरूर करना चाहेगी। वहीं दक्षिण अफ्रीका भी इसे जरूर जीतना चाहेगी।