Ashes 2023: पैट कमिंस की घातक यॉर्कर के आगे ओली पोप हुए चारों खाने चित्त, वीडियो हुआ वायरल
अटैक पर आते ही पैट कमिंस ने ओली पोप को एक बेहतरीन यॉर्कर पर बोल्ड कर दिया।
अद्यतन - Jun 19, 2023 7:48 pm

इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच बर्मिंघम में चल रहे एशेज सीरीज के पहले टेस्ट के चौथे दिन इंग्लैंड ने अपनी दूसरी पारी की शुरुआत स्कोर 28/2 के साथ की। जो रूट और ओली पोप ने तेज बल्लेबाजी करते हुए अपने इरादे स्पष्ट कर दिए। जो रूट ने कुछ जोरदार शॉट्स लगाए। उन्होंने स्कॉट बोलैंड के ओवर में छक्का और चौका भी लगाया।
ओली पोप और जो रूट की जोड़ी ने तेजी से रन बटोरते हुए दिन के पहले पांच ओवरों में ही 43 रन बना डाले। खेल से ऑस्ट्रेलियाई टीम को बाहर होता देख कप्तान पैट कमिंस ने खुद को अटैक पर लाया। वह 17वें ओवर में गेंदबाजी करने आए।
उन्होंने टीम की वापसी का जिम्मा उठाते हुए शानदार गेंदबाजी की। अटैक पर आते ही पैट कमिंस ने ओली पोप को एक बेहतरीन यॉर्कर पर बोल्ड कर दिया। इस तरह कमिंस ने रूट-पोप की अर्धशतकीय साझेदारी को तोड़ा। पोप 14 रन बनाकर आउट हुए। अब पोप के बोल्ड होने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यहां देखें वायरल वीडियो
The perfect yorker 😍
Pat Cummins at his sizzling best ♨#SonySportsNetwork #TheAshes #ENGvAUS #RivalsForever pic.twitter.com/E6EIHQBI2u
— Sony Sports Network (@SonySportsNetwk) June 19, 2023
इससे पहले तीसरे दिन कमिंस ने 62 गेंदों में 38 रनों की शानदार पारी खेली और अपनी टीम को एक अच्छे स्कोर पहुंचाने में मदद की। उन्होंने अपनी पारी में तीन छक्के जड़े और निचले क्रम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अपनी अच्छी बल्लेबाजी के बाद पैट कमिंस ने इंग्लैंड की दूसरी पारी में टीम के लिए सफलता अर्जित की। उन्होंने बेन डकेट (19) को आउट किया।
ऑस्ट्रेलिया ने चौथे दिन इंग्लिश बल्लेबाजों को अभी तक बड़ी पारी खेलने से रोका है। जो रूट 46, हैरी ब्रूक 46 और बेन स्टोक्स 43 रन बनाकर आउट हुए। अभी तक ऑस्ट्रेलिया ने बेहतरीन गेंदबाजी की है। पैट कमिंस और नाथन लियोन ने क्रमश: 3-3 विकेट हासिल किए हैं। वहीं एक विकेट स्कॉट बोलैंड को मिला है। फिलहाल खबर लिखे जाने तक इंग्लैंड ने 7 विकेट पर 210 रन बनाए हैं और उसकी ऑस्ट्रेलिया पर कुल बढ़त 217 रनों की हो गई है।