पैट कमिंस, दीप्ति शर्मा ने जीता दिसंबर महीने का आईसीसी खिलाड़ी ऑफ द मंथ का अवार्ड
ऑस्ट्रेलिया टीम के कप्तान पैट कमिंस ने आईसीसी पुरुष खिलाड़ी का द मंथ (दिसंबर) की ट्रॉफी अपने नाम की है।
अद्यतन - Jan 16, 2024 12:57 pm

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने दिसंबर 2023 के आईसीसी पुरुष और महिला प्लेयर ऑफ द मंथ पुरस्कार विजेताओं की घोषणा की है। बता दें, उन्होंने पिछले हफ्ते ही उन खिलाड़ियों के नाम की घोषणा की थी जिन्हें इस शानदार पुरस्कार के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया था।
ऑस्ट्रेलिया टीम के कप्तान पैट कमिंस ने आईसीसी पुरुष खिलाड़ी का द मंथ (दिसंबर) की ट्रॉफी अपने नाम की है। बता दें, पैट कमिंस ने आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 में ऑस्ट्रेलिया टीम की कप्तानी की थी और उन्होंने इस शानदार टूर्नामेंट की ट्रॉफी को अपने नाम किया था। यही नहीं ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैच की टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान को 3-0 से हराया था। इस टेस्ट सीरीज में ऑस्ट्रेलिया टीम के कप्तान ने जबर्दस्त गेंदबाजी की थी और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी।
वहीं दीप्ति शर्मा ने अपना पहला आईसीसी महिला प्लेयर ऑफ द मंथ (दिसंबर) अवार्ड जीता। दीप्ति शर्मा ने इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारतीय टीम की ओर से तीनों ही प्रारूपों में काफी अच्छा प्रदर्शन किया था। उन्होंने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों से ही अपनी छाप छोड़ी थी।
पैट कमिंस की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया टीम ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023 की ट्रॉफी को अपने नाम किया था। उन्होंने काफी अच्छी गेंदबाजी की थी और फाइनल में भारतीय टीम को मात दी थी। पाकिस्तान के खिलाफ खेली गई टेस्ट सीरीज में उन्होंने मेलबर्न में खेले गए दूसरे टेस्ट में 10 विकेट झटके थे।
काफी खुशी महसूस हो रही है कि मैंने इस अवार्ड को अपने नाम किया: पैट कमिंस
आईसीसी पुरुष प्लेयर ऑफ़ द मंथ (दिसंबर) ट्रॉफी जीतने के बाद ऑस्ट्रेलिया टीम के कप्तान पैट कमिंस ने कहा कि, ‘तीनों ही प्रारूपों में हमारा प्रदर्शन इस साल काफी अच्छा रहा था और हमने 2023 को खत्म भी काफी अच्छी तरह से किया। हमने पाकिस्तान को मात दी। हम लोग ने अभी तक काफी अच्छी बल्लेबाजी और गेंदबाजी की है और अब वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली सीरीज के लिए हम पूरी तरह से तैयार हैं।’
दीप्ति शर्मा ने इस शानदार अवार्ड को जीतने के बाद कहा कि, ‘काफी सम्मानित महसूस हुआ था जब मुझे दिसंबर महीने के लिए आईसीसी महिला प्लेयर ऑफ द मंथ के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया था। अब मैंने इस पुरस्कार को जीता है। काफी अच्छा लग रहा है कि मैं भारतीय टीम की ओर से पिछले महीने काफी अच्छा प्रदर्शन किया और वो भी मजबूत टीमों के खिलाफ। मेरे सभी फैंस को मैं शुक्रिया कहना चाहूंगी जिन्होंने मुझे वोट किया। अपने टीम के साथियों को भी मैं शुक्रिया कहना चाहूंगी जिन्होंने मेरे ऊपर भरोसा जताया।’