प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पैट कमिंस और उनके बेटे का क्यूट मोमेंट सोशल मीडिया पर हुआ वायरल, आप भी देखें वीडियो
ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ खेली गई पांच मैचों की टेस्ट सीरीज को 3-1 से अपने नाम किया।
अद्यतन - Jan 5, 2025 8:24 pm

ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ खेली गई पांच मैचों की टेस्ट सीरीज को 3-1 से अपने नाम किया। इस टेस्ट सीरीज में ऑस्ट्रेलिया की ओर से सभी खिलाड़ियों ने धमाकेदार प्रदर्शन किया और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। बता दें कि, ऑस्ट्रेलिया ने 10 साल बाद भारतीय टीम के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी जीती है।
ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान पैट कमिंस ने इस टेस्ट सीरीज में सिर्फ गेंद से ही नहीं बल्कि बल्ले से भी जबरदस्त प्रदर्शन किया। उनकी कप्तानी पूरी सीरीज में धमाकेदार रही। मैच खत्म होने के बाद जब पैट कमिंस प्रेस कॉन्फ्रेंस में थे, तो उनके बेटे ऐल्बी कमिंस ने उन्हें बुलाया जिसका जवाब भी ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने बेहतरीन तरीके से दिया।
सोशल मीडिया पर इसका वीडियो जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पैट कमिंस के बेटे ने कहा- डैडा’। इस पर ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने जवाब दिया कि, ‘मैं यहां हूं।’
यहां देखें वीडियो:
Pat Cummins' son interrupts Pat in PC with 'Dada', Pat replies 'I'm here'. 😍❤️
– The most adorable moment! 😍pic.twitter.com/vSEWe2tMaA
— Mufaddal Vohra (@mufaddal_vohra) January 5, 2025
इस टेस्ट सीरीज की बात की जाए तो पर्थ में खेले गए पहले टेस्ट मैच में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को 295 रनों से हराया था। हालांकि, इसके बाद मेजबान आस्ट्रेलिया ने काफी अच्छी वापसी की और दूसरे टेस्ट को अपने नाम किया। बारिश की वजह से तीसरा टेस्ट ड्रॉ पर समाप्त हुआ। इसके बाद मेलबर्न में खेला गया बॉक्सिंग डे टेस्ट भी ऑस्ट्रेलिया ने जीता।
सिडनी में खेले गए पांचवे और अंतिम टेस्ट मैच में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली पारी में 185 रन बनाए, जिसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया अपनी पहली पारी में 181 रनों पर ढेर हो गई। 4 रन की मामूली बढ़त के साथ टीम इंडिया दूसरी पारी में भी अच्छी बल्लेबाजी करने में नाकाम रही और 157 पर ऑल आउट हो गई। 162 रनों के लक्ष्य को ऑस्ट्रेलिया ने चार विकेट खोकर हासिल कर लिया।
जसप्रीत बुमराह ने प्लेयर ऑफ द सीरीज अवार्ड अपने नाम किया, जबकि पांचवे और अंतिम टेस्ट में स्कॉट बोलैंड ने प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड जीता। यह टेस्ट सीरीज पैट कमिंस एंड कंपनी को काफी लंबे समय तक याद रहेगी।