IPL 2027 से पहले PBKS का बड़ा फैसला, विश्व कप विजेता कोच को टीम में दी अहम जिम्मेदारी
आईपीएल 2026 में प्लेऑफ से चूकने के बाद पंजाब किंग्स ने अपने कोचिंग स्टाफ में बदलाव किया है
अद्यतन - नवम्बर 25, 2026 4:04 अपराह्न

आईपीएल 2027 से पहले पंजाब किंग्स (PBKS) ने अपनी कोचिंग टीम में बड़ा बदलाव किया है। फ्रेंचाइजी ने पूर्व भारतीय गेंदबाजी कोच पारस म्हाम्ब्रे (Paras Mhambrey) को टीम का नया गेंदबाजी कोच नियुक्त किया है। उनके नाम की चर्चा पिछले सप्ताह से चल रही थी और अब फ्रेंचाइजी ने इस नियुक्ति को आधिकारिक कर दिया है।
पंजाब किंग्स ने पिछले महीने अपने गेंदबाजी कोच जेम्स होप्स और फील्डिंग कोच ब्रैड हैडिन से अलग होने का फैसला किया था। इसके बाद टीम को नए गेंदबाजी कोच की तलाश थी। अब म्हाम्ब्रे इस जिम्मेदारी को संभालेंगे। वह मुख्य कोच रिकी पोंटिंग के साथ काम करेंगे। इससे पहले भी वह मुंबई इंडियंस में पोंटिंग के कोचिंग सेटअप का हिस्सा रह चुके हैं।
पारस म्हाम्ब्रे के पास इंटरनेशनल क्रिकेट में कोचिंग का काफी अनुभव है। वह 2021 से 2024 तक राहुल द्रविड़ के कार्यकाल में भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच रहे थे। इस दौरान भारतीय टीम ने कई बड़ी उपलब्धियां हासिल कीं।
उनके कार्यकाल में भारत ने घरेलू मैदान पर 2023 वनडे विश्व कप का फाइनल खेला था। इसके अलावा टीम इंडिया ने 2024 में वेस्टइंडीज और अमेरिका में हुए टी20 विश्व कप का खिताब भी जीता था।
फ्रेंचाइजी क्रिकेट में भी म्हाम्ब्रे का अच्छा अनुभव रहा है। वह दो अलग-अलग कार्यकाल में मुंबई इंडियंस के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा रहे हैं। भारतीय टीम के साथ काम करने के बाद, उन्होंने एक बार फिर मुंबई इंडियंस में वापसी की थी। हालांकि, पिछले महीने टीम के कोचिंग स्टाफ में बदलाव के बाद उन्होंने फ्रेंचाइजी छोड़ दी थी।
खिताब जीतने की तलाश में पंजाब किंग्स
पंजाब किंग्स अब तक आईपीएल का खिताब नहीं जीत पाई है। टीम ने 2014 और 2025 में फाइनल तक का सफर तय किया, लेकिन दोनों बार उसे हार का सामना करना पड़ा।
वहीं, आईपीएल 2026 में पंजाब ने शानदार शुरुआत करते हुए शुरुआती सात मुकाबलों में छह जीत दर्ज की थीं, जबकि एक मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था। हालांकि, इसके बाद टीम का प्रदर्शन गिर गया और बाकी सात मुकाबलों में उसे सिर्फ एक जीत मिली।
इस कारण टीम प्लेऑफ में जगह बनाने से चूक गई। अब फ्रेंचाइजी को उम्मीद होगी कि म्हाम्ब्रे के आने से गेंदबाजी मजबूत होगी और टीम आईपीएल 2027 में खिताब जीतने की चुनौती पेश करेगी।
ये भी पढ़ें – IPL 2027 Auction: बेन स्टोक्स समेत 1220 खिलाड़ी ऑक्शन की दौड़ में, 11 बांग्लादेशी क्रिकेटरों ने भी भ…