IPL 2026 Final: क्या खिताबी मुकाबले में वापसी करेंगे फिल सॉल्ट? RCB को मिला बड़ा अपडेट

IPL 2026 Final: क्या खिताबी मुकाबले में वापसी करेंगे फिल सॉल्ट? RCB को मिला बड़ा अपडेट

IPL फाइनल से पहले फिल सॉल्ट की फिटनेस पर आया बड़ा अपडेट

Phil Salt (Image credit Twitter - X)
Phil Salt (Image credit Twitter – X)

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) आईपीएल 2026 के फाइनल में पहुंच चुकी है और अब टीम इतिहास रचने से सिर्फ एक कदम दूर है। 31 मई को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले फाइनल मुकाबले में RCB की नजर लगातार दूसरा आईपीएल खिताब जीतने पर होगी।

टीम ने क्वालिफायर-1 में गुजरात टाइटंस को 92 रन से हराकर शानदार अंदाज में फाइनल का टिकट हासिल किया था। लेकिन इस बड़े मुकाबले से पहले सबसे बड़ा सवाल इंग्लैंड के विस्फोटक ओपनर फिल सॉल्ट की उपलब्धता को लेकर बना हुआ है।

फिल सॉल्ट की चोट पर क्या है नया अपडेट?

RCB फैंस के लिए राहत की खबर यह है कि फिल सॉल्ट अब पूरी तरह फिट बताए जा रहे हैं। सॉल्ट को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 18 अप्रैल को खेले गए मुकाबले के दौरान फील्डिंग करते समय उंगली में चोट लगी थी। बाउंड्री बचाने की कोशिश में उनके बाएं हाथ में चोट आई थी, जिसके बाद उन्हें इलाज और स्कैन के लिए इंग्लैंड लौटना पड़ा।

करीब एक महीने तक क्रिकेट से दूर रहने के बाद सॉल्ट हाल ही में टीम कैंप से जुड़े हैं। कप्तान रजत पाटीदार ने क्वालिफायर-1 से पहले बताया था कि सॉल्ट फिट हैं और मेडिकल टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। उन्होंने नेट्स में अभ्यास भी शुरू कर दिया था और टीम के ट्रेनिंग सेशन में पूरी तरह सक्रिय दिखाई दिए।

हालांकि, फिट होने के बावजूद RCB ने क्वालिफायर-1 में फिल सॉल्ट को प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया। टीम मैनेजमेंट ने उनकी जगह वेंकटेश अय्यर को विराट कोहली के साथ ओपनिंग का मौका दिया।

वेंकटेश ने इस मौके का शानदार फायदा उठाया और सिर्फ 7 गेंदों में 19 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने RCB को शुरुआती बढ़त दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इसी वजह से अब टीम मैनेजमेंट के सामने फाइनल से पहले चयन को लेकर दिलचस्प चुनौती खड़ी हो गई है।

मौजूदा स्थिति को देखें तो फिल सॉल्ट पूरी तरह फिट हैं और फाइनल के लिए उपलब्ध रहेंगे। हालांकि, उन्हें अंतिम एकादश में जगह मिलेगी या नहीं, यह पूरी तरह टीम की रणनीति पर निर्भर करेगा।

अहमदाबाद की बल्लेबाजी के लिए अनुकूल पिच पर सॉल्ट की विस्फोटक शुरुआत मैच का रुख बदल सकती है। पावरप्ले में तेज रन बनाने की उनकी क्षमता RCB के लिए बड़ा हथियार साबित हो सकती है। वहीं दूसरी तरफ टीम जीत दिलाने वाले संयोजन को बरकरार रखने पर भी विचार कर सकती है।

close whatsapp