एमएस धोनी और सौरव गांगुली ने मेरी जिंदगी में बहुत ही बड़ी भूमिका निभाई है: हरमनप्रीत कौर - क्रिकट्रैकर हिंदी

एमएस धोनी और सौरव गांगुली ने मेरी जिंदगी में बहुत ही बड़ी भूमिका निभाई है: हरमनप्रीत कौर

10 फरवरी से दक्षिण अफ्रीका में महिला टी-20 वर्ल्ड कप खेला जाना है और हरमनप्रीत कौर इस शानदार टूर्नामेंट में भारतीय टीम की कप्तानी करते हुए नजर आएंगी।

MS Dhoni, Harmanpreet Kaur and Saurav Ganguly (Pic Source-Twitter)
MS Dhoni, Harmanpreet Kaur and Saurav Ganguly (Pic Source-Twitter)

10 फरवरी से दक्षिण अफ्रीका में महिला टी-20 वर्ल्ड कप खेला जाना है और हरमनप्रीत कौर इस शानदार टूर्नामेंट में भारतीय टीम की कप्तानी करते हुए नजर आएंगी। इस शानदार टूर्नामेंट से पहले भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने इस बात का खुलासा किया कि पुरुष टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली और महेंद्र सिंह धोनी ने उन्हें एक कप्तान के रूप में आगे बढ़ने के लिए काफी मदद की।

बता दें, महेंद्र सिंह धोनी और सौरव गांगुली को भारतीय टीम के 2 बेहतरीन कप्तानों में गिना जाता है। धोनी की कप्तानी में भारतीय पुरुष टीम ने तीन ICC ट्रॉफी अपने नाम की है। उन्होंने भारत को टी-20 वर्ल्ड कप 2007, 2011 वनडे वर्ल्ड कप और 2013 चैंपियंस ट्रॉफी जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। वहीं गांगुली की कप्तानी में भारतीय टीम ने कई बड़े देशों को जबरदस्त मात दी थी।

हरमनप्रीत कौर ने बताया कि इस खेल के दो दिग्गज कप्तानों ने उनकी काफी मदद की और कौर ने खुद धोनी की कई पुरानी वीडियो देखीं।

मेरी जिंदगी में धोनी और गांगुली ने बहुत ही महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है: हरमनप्रीत कौर

हरमनप्रीत कौर ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया कि, ‘हम सब जानते हैं कि महेंद्र सिंह धोनी मैदान में कितने चलाक है। अगर आप उनकी पुरानी वीडियोज को देखें तो आपको उनसे काफी कुछ सीखने को मिलेगा। मैंने धोनी और गांगुली से काफी कुछ सीखा है। इन दोनों की वजह से मैंने अपनी टीम को फील्ड में काफी प्रोत्साहित किया। अगर हम कप्तानी की बात करें तो इन दोनों ने मेरी जिंदगी में बहुत बड़ी भूमिका निभाई है।’

उन्होंने आगे कहा कि, ‘ इन दोनों पूर्व खिलाड़ियों ने जिस तरीके से अपनी टीम की कमान संभाली उसे मैं जरूर देखती हूं और फॉलो करना चाहती हूं। जब सौरव गांगुली टीम की कप्तानी कर रहे थे तब भारतीय पुरुष क्रिकेट तेजी से ऊपर बढ़ रहा था। गांगुली ने ड्रेसिंग रूम का पूरा माहौल ही बदल दिया था, उन्होंने अपने खिलाड़ियों के ऊपर भरोसा किया और उन्हें पूरा समर्थन दिया।’

भारतीय महिला टीम को 12 फरवरी को पाकिस्तान के खिलाफ वर्ल्ड कप मुकाबला खेलना है। इस ग्रुप में भारत और पाकिस्तान के अलावा वेस्टइंडीज, इंग्लैंड और आयरलैंड भी हैं। टीम यही चाहेगी कि ग्रुप स्टेज में वो जबरदस्त प्रदर्शन करें और सेमीफाइनल में अपनी जगह बनाए।

close whatsapp