PSL 2023 की चैंपियन लाहौर कलंदर्स ने जिम एफ्रो टी-10 की फ्रेंचाइजी को किया अपने नाम
यह टूर्नामेंट पहली बार जिंबाब्वे में खेला जाना है और कुल 5 टीमों के बीच यह टूर्नामेंट खेला जाएगा।
अद्यतन - जून 19, 2023 1:26 अपराह्न

जिम एफ्रो टी-10 लीग की शुरुआत बहुत जल्द होने वाली है और इस टूर्नामेंट की एक टीम की घोषणा कर दी गई है। पाकिस्तान सुपर लीग 2023 की चैंपियन लाहौर कलंदर्स ने जिम एफ्रो टी-10 में डरबन फ्रेंचाइजी का अधिग्रहण कर लिया है और इसे डरबन कलंदर्स कहा जाएगा।
फ्रेंचाइजी का स्वामित्व पाकिस्तानी व्यवसायी आतिफ नईम राणा और समीन नईम राणा के पास है। बता दें, लाहौर कलंदर्स ने पाकिस्तान सुपर लीग में दो खिताब (2022 और 2023) जीते हैं। टीम ने दोनों ही संस्करणों में काफी अच्छा प्रदर्शन किया था और इसी वजह से उन्होंने यह ट्रॉफी अपने नाम की। तमाम लोगों को उम्मीद है कि अब डरबन कलंदर्स भी लाहौर कलंदर्स की तरह अच्छा प्रदर्शन करने को देखेंगे और जिम एफ्रो टी-10 के पहले सीजन की ट्रॉफी को अपने नाम करना चाहेंगे।
यह टूर्नामेंट पहली बार जिंबाब्वे में खेला जाना है और कुल 5 टीमों के बीच यह टूर्नामेंट खेला जाएगा। बाकी चार टीमें हैं हरारे हरीकेंस, केपटाउन सैम्प आर्मी, जोबर्ग लॉयन्स और बुलावायो ब्रेवस।
गिवमोरे मकोनी ने आगामी टूर्नामेंट को लेकर दिया बड़ा बयान
बता दें, जिम एफ्रो की शुरुआत 20 जुलाई से होगी और इसका फाइनल 29 जुलाई को खेला जाएगा। इसके सभी मुकाबले हरारे में होंगे। खिलाड़ियों का ड्राफ्ट 2 जुलाई को हरारे में रखा जाएगा।
जिंबाब्वे क्रिकेट मैनेजिंग डायरेक्टर गिवमोरे मकोनी ने कहा कि, ‘हम कलंदर्स का जिम एफ्रो टी-10 और जिंबाब्वे परिवार में स्वागत करते हैं। पाकिस्तान में टीम बहुत सफल रही है और हम यही कोशिश करेंगे कि इसी ब्रांड का क्रिकेट यहां के लोकल फैंस भी देख पाए। कई बेहतरीन खिलाड़ी इसमें खेलते हुए नजर आएंगे।’
डरबन कलंदर्स के मालिक और सीईओ समीन नईम राणा ने कहा कि, ‘पाकिस्तान सुपर लीग के लगातार दो सीजन में जीत दर्ज करने के बाद हम जिंबाब्वे की ओर अपने कदम बढ़ा रहे हैं। जिम एफ्रो टी-10 लीग काफी शानदार टूर्नामेंट होने वाला है। यह सबसे तेज प्रारूप है और हम इस टूर्नामेंट के शुरू होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।’