पंजाब किंग्स के लिए अगला मैच खेलेंगे कगिसो रबाड़ा, लियम लिविंगस्टोन IPL से हो सकते हैं बाहर!
पंजाब किंग्स ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ पिछले मुकाबले में 5 रन से जीत दर्ज की।
अद्यतन - अप्रैल 6, 2023 2:47 अपराह्न

शिखर धवन की कप्तानी में पंजाब किंग्स ने आईपीएल के इस सीजन की शानदार शुरूआत की है। पिछले मुकाबले में पंजाब किंग्स ने राजस्थान रॉयल्स को 5 रन से शिकस्त दी। गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों ही पक्षों में पंजाब किंग्स एक मजबूत टीम के रूप में नजर आ रही है। इसी बीच पंजाब किंग्स के बल्लेबाजी कोच वसीम जाफर ने साउथ अफ्रीकी खिलाड़ी कगिसो रबाड़ा और इंग्लैंड के खिलाड़ी लियाम लिविंगस्टोन को लेकर बड़ी अपडेट दी है।
पंजाब किंग्स से जुड़े कगिसो रबाड़ा
अफ्रीकी तेज गेंदबाज कगिसो रबाड़ा आईपीएल के इस सीजन के पहले दो मुकाबलों में टीम का हिस्सा नहीं थे। कगिसो रबाड़ा नीदरैलैंड्स के खिलाफ दो मैचों की वनडे सीरीज खेल रहे थे। सीरीज खत्म करने के बाद हाल ही में उन्होंने पंजाब किंग्स स्क्वॉड को ज्वाइन कर लिया है।
रबाड़ा अगले मैच में प्लेइंग 11 का हिस्सा बन टीम को और मजबूती देते हुए नजर आएंगे। लेकिन वहीं लियम लिविंगस्टोन कब टीम का हिस्सा बन पाएंगे? इसे लेकर कोई अपडेट सामने नहीं आई है। लियम लिविंगस्टोन दिसंबर 2022 में पाकिस्तान दौरे के टेस्ट सीरीज के दौरान फील्डिंग करते वक्त चोटिल हो गए थे।
तब से वह टीम से बाहर चल रहे हैं। वसीम जाफर ने मैच के बाद पोस्ट मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस पर बात करते हुए कहा, ‘रबाड़ा टीम के लिए अगला मैच खेलते हुए नजर आएंगे लेकिन शायद लियम लिविंगस्टोन नहीं। मैं पूरी तरह निश्चित नहीं हूं। मैनेजमेंट इस बात को शायद जानते होंगे।’
सभी खिलाड़ी अच्छे फॉर्म में हैं- वसीम जाफर
टीम चयन हर फ्रेंचाइजी के लिए एक बड़ा और कठिन टास्क होता है। कगिसो रबाड़ा जब टीम में वापसी करेंगे तो किसी खिलाड़ी को बाहर जाना पड़ेगा। टीम चयन पर बात करते हुए वसीम जाफर ने कहा, ‘टीम चयन एक अच्छा सिरदर्द है मेरा मतलब है कि खिलाड़ी फॉर्म में हैं, अच्छा खेल रहे हैं। यह फ्रेंचाइजी के लिए अच्छा है। लेकिन हम ऐसे खिलाड़ियों की तलाश करेंगे जो फॉर्म में हो। रबाड़ा के होने के बावजूद नाथन एलिस ने दिखाया कि वह कितना अच्छा कर सकते हैं।’