अटलांटा ओपन 2022 में दोहरा शतक लगाकर रहकीम कॉर्नवाल ने बटोरी सुर्खियां; देखिए वीडियो - क्रिकट्रैकर हिंदी

अटलांटा ओपन 2022 में दोहरा शतक लगाकर रहकीम कॉर्नवाल ने बटोरी सुर्खियां; देखिए वीडियो

रहकीम कॉर्नवाल ने खुद को 360 डिग्री क्रिकेटर भी बताया हैं।

Rahkeem Cornwall (Image Source: Twitter)
Rahkeem Cornwall (Image Source: Twitter)

वेस्टइंडीज के आक्रामक क्रिकेटर रहकीम कॉर्नवाल ने संयुक्त राज्य अमेरिका के अटलांटा ओपन टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में अपनी पावर-हिटिंग का शानदार प्रदर्शन करते हुए मात्र 77 गेंदों में 205 रनों की तूफानी पारी खेली। उन्होंने 5 अक्टूबर को अटलांटा फायर और स्क्वायर ड्राइव के बीच खेले गए अटलांटा ओपन 2022 के एक मैच में धुंआधार बल्लेबाजी करते हुए जमकर सुर्खियां बटोरी।

आपको बता दें, कॉर्नवाल कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) में सलामी बल्लेबाज के रूप में अपनी पावर हिटिंग के लिए जाने जाते हैं, और अब उन्होंने संयुक्त राज्य अमेरिका के टूर्नामेंट में भी गेंदबाजों की जमकर धुनाई कर अपनी काबिलियत का धमाकेदार अंदाज में परिचय दिया।

रहकीम कॉर्नवाल ने टी-20 क्रिकेट में लगाया दोहरा शतक

अटलांटा फायर के लिए खेलते हुए, रहकीम कॉर्नवाल ने स्क्वायर ड्राइव के खिलाफ 22 छक्कों और 17 चौकों की मदद से मात्र 77 गेंदों में 266.23 की स्ट्राइक रेट से नाबाद 205 रनों की यादगार पारी खेली और अपनी टीम को यह मैच 172 रनों से जीतने में मदद की।

आपको बता दें, अटलांटा फायर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, और रहकीम कॉर्नवाल के दोहरे शतक के बदौलत एक विकेट के नुकसान पर 326 रनों का स्कोर पोस्ट किया। उन्होंने समी असलम (53) के साथ मिलकर 200 से अधिक रनों की साझेदारी की। जिसके जवाब में स्क्वायर ड्राइव केवल 154/8 बना पाई, नतीजन अटलांटा फायर ने यह मैच बड़े अंतर से जीत लिया, वहीं जस्टिन डिल ने चार ओवर के अपने कोटे में केवल 14 रन गंवाए और चार विकेट चटकाएं।

वहीं दूसरी ओर, रहकीम कॉर्नवाल ने अब तक वेस्टइंडीज के लिए नौ टेस्ट मैच खेले हैं। लेकिन उनका T20 क्रिकेट में रिकॉर्ड अच्छा है, उन्होंने 65 मैचों में लगभग 150 की स्ट्राइक रेट से 1146 रन बनाए हैं, और 31 विकेट झटके हैं। कॉर्नवाल ने हाल ही में कहा था कि वह पावर-हिटिंग कि प्रैक्टिस नहीं करते, बल्कि यह उनकी नेचुरल काबिलियत है। उन्होंने खुद को 360 डिग्री क्रिकेटर भी बताया हैं।

यहां देखिए वीडियो:

close whatsapp