राजस्थान रॉयल्स के धुआंधार प्रदर्शन के सामने सनराइजर्स हैदराबाद की एक ना चली, अपने ही घर में हुए चारों खाने चित - क्रिकट्रैकर हिंदी

राजस्थान रॉयल्स के धुआंधार प्रदर्शन के सामने सनराइजर्स हैदराबाद की एक ना चली, अपने ही घर में हुए चारों खाने चित

कप्तान संजू सैमसन ने 32 गेंदों में तीन चौके और 4 छक्कों की मदद से 55 रन की विस्फोटक पारी खेली।

Rajasthan Royals (Pic Source-Twitter)
Rajasthan Royals (Pic Source-Twitter)

हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग 2023 का चौथा मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच में खेला गया। इस एकतरफा मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 72 रनों से मात दी। राजस्थान रॉयल्स ने गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों ही डिपार्टमेंट में काफी अच्छा प्रदर्शन किया और इस मैच को अपने नाम किया।

बता दें, सनराइजर्स हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। उनका यह फैसला काफी गलत साबित हुआ। राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 203 रन बनाए। टीम की ओर से सलामी बल्लेबाज यशस्वी जयसवाल ने 37 गेंदों में 9 चौकों की मदद से 54 रन बनाए जबकि जोस बटलर ने 22 गेंदों में 7 चौके और तीन छक्कों की मदद से 54 रन का योगदान दिया।

कप्तान संजू सैमसन ने 32 गेंदों में तीन चौके और 4 छक्कों की मदद से 55 रन की विस्फोटक पारी खेली। सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से फजलहक फारूकी ने चार ओवर में 41 रन देकर दो विकेट झटके जबकि टी. नटराजन ने 3 ओवर में 23 रन देकर दो विकेट हासिल किए। उमरान मलिक ने 1 विकेट अपने नाम किया।

राजस्थान रॉयल्स की गेंदबाज़ी के सामने सनराइजर्स हैदराबाद हुई पस्त

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेजबान की शुरुआत बेहद खराब रही। ट्रेंट बोल्ट ने पहले ही ओवर में दो महत्वपूर्ण विकेट झटके। उन्होंने अभिषेक शर्मा और राहुल त्रिपाठी को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया। हैरी ब्रूक भी 13 रन बनाकर आउट हो गए। वाशिंगटन सुंदर इस बेहतरीन मैच में 1 रन ही बना पाए। ग्लेन फिलिप्स 8 रन बनाकर रविचंद्रन अश्विन का शिकार हुए।

मयंक अग्रवाल ने 23 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 27 रन बनाए। अब्दुल समद ने 32 गेंदों में 2 चौके और एक छक्के की मदद से 32 रन की नाबाद बहुमूल्य पारी खेली। सनराइजर्स हैदराबाद ने 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 131 रन ही बनाए और वो 72 रनों से यह मैच हार गई।

राजस्थान की ओर से युजवेंद्र चहल ने 4 ओवर में 17 रन देकर 4 विकेट झटके जबकि ट्रेंट बोल्ट ने 4 ओवर में 30 रन देकर दो विकेट अपने नाम किया। जेसन होल्डर और रविचंद्रन अश्विन ने 1-1 विकेट हासिल किया।

 

close whatsapp