‘किसी को भी खिलाड़ी को यह कहने का अधिकार नहीं है कि वो संन्यास ले’- साहा विवाद पर राजकुमार शर्मा

रिद्धिमान साहा ने हाल ही में किए थे कुछ सनसनीखेज खुलासे।

Advertisement

Rajkumar Sharma and W Saha (Photo Source: Twitter)

विराट कोहली के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा विकेटकीपर-बल्लेबाज रिद्धिमान साहा के साथ किए जा रहे व्यवहार पर अपनी नाराजगी व्यक्त की है। शर्मा के मुताबिक किसी खिलाड़ी को यह कहने का अधिकार नहीं है कि वह संन्यास ले ले। साहा द्वारा खुलासा किए जाने के बाद भारतीय क्रिकेट में एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है।

Advertisement
Advertisement

दरअसल उन्हें मुख्य चयनकर्ता द्वारा सूचित किया गया था कि अब भारतीय टेस्ट टीम में चयन के लिए उनके नाम पर विचार नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने उन्हें संन्यास के बारे में सोचने का सुझाव दिया था। इसी पर अब राजकुमार शर्मा ने बड़ी प्रतिक्रिया दी है।

राजकुमार शर्मा ने दिया साहा विवाद पर बड़ा बयान

साहा विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए, शर्मा ने भारतीय क्रिकेट में बढ़ते विवादों पर अफसोस जताया। खेलनीती पॉडकास्ट पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि, “पिछले 3-4 महीनों में बहुत सारे विवाद हुए हैं, जो भारतीय क्रिकेट के लिए अच्छा नहीं है। साहा को लेकर अलग-अलग अधिकारियों की ओर से परस्पर विरोधी बयान आ रहे हैं।

किसी खिलाड़ी को यह कहने का अधिकार नहीं है कि वह संन्यास ले ले। यह उनका व्यक्तिगत फैसला है। किसी खिलाड़ी का चयन करना या न करना एक अलग मुद्दा है। द्रविड़ ने भले ही साहा से नेक तरीके से बात की हो, लेकिन विवाद अब बहुत बड़ा हो गया है। बीसीसीआई को इस तरह के विवादों से दूर रहने की जरूरत है।”

शर्मा ने आगे कहा कि, “चयनकर्ताओं का काम चयनकर्ताओं द्वारा ही किया जाना चाहिए। बीसीसीआई में भूमिकाओं को परिभाषित किया गया है और सभी को अपनी भूमिका निभानी चाहिए। साहा विवाद को देखकर दुख होता है। वह दुनिया के नंबर 1 विकेटकीपर और महत्वपूर्ण योगदानकर्ता रहे हैं। उनके साथ इससे बेहतर व्यवहार किया जाना चाहिए था।”

गौरतलब है कि मीडिया से बात करते हुए, 37 वर्षीय कीपर-बल्लेबाज ने यह भी कहा कि उन्हें पिछले साल नवंबर में बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली से एक मेसेज मिला था, जिसमें उन्हें टीम में जगह देने का आश्वासन दिया गया था। साहा ने दावा किया कि उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ गर्दन में दर्द के साथ बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक बनाने के बाद उन्हें यह मेसेज मिला था।

Advertisement