अगर साउद शकील आउट ना होते तो दूसरा टेस्ट हम लोग ही जीतते: रमीज राजा
फिल्हाल पाकिस्तान टीम इंग्लैंड के खिलाफ तीसरा टेस्ट मुकाबला कराची में खेल रही है।
अद्यतन - दिसम्बर 17, 2022 6:28 अपराह्न

इस समय पाकिस्तान में मेजबान और इंग्लैंड के बीच तीन मुकाबलों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। बता दें, इंग्लैंड ने शुरुआती दो मुकाबले जीतकर तीन मुकाबलों की टेस्ट सीरीज को अपने नाम किया। टेस्ट इतिहास में तीसरी बार ऐसा हुआ है जब पाकिस्तान ने लगातार तीन मुकाबले अपने घर में हारे हो। इंग्लैंड से पहले पाकिस्तान को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी टेस्ट मैच में हार का सामना करना पड़ा था।
रावलपिंडी में खेले गए पहले टेस्ट मुकाबले में इंग्लैंड ने 74 रनों से जीत दर्ज की थी जबकि मुल्तान में खेले गए दूसरे टेस्ट मुकाबले को उन्होंने 26 रन से अपने नाम किया था। इंग्लैंड के खिलाफ मिली टेस्ट सीरीज की हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष रमीज राजा ने साउद शकील के विवादास्पद आउट को लेकर बड़ा बयान दिया है।
बता दें, दूसरे टेस्ट की दूसरी पारी में साउद शकील विवादित आउट करार दिए गए थे। उनका विकेट गिरते ही मेजबान अपने आप को संभाल नहीं पाई और 26 रनों से मुकाबला हार गई। नेशनल स्टेडियम, कराची में मीडिया से बातचीत करते हुए रमीज राजा ने कहा कि भले ही टीम दो मुकाबले हार चुकी हो लेकिन वो अभी भी बिना डरे अपने बचे हुए मुकाबले खेलेगी।
इंग्लैंड के खिलाफ मिली टेस्ट सीरीज की हार के बाद रमीज राजा ने कही ये बात
रमीज राजा ने कहा कि, ‘जब आप दोनों मुकाबले हारे होते हैं तो दो-तीन चीजें नेगेटिव होती है। एक नेगेटिव मानसिकता और दूसरा ड्रेसिंग रूम का वातावरण खराब होना। लेकिन अभी तक किस टीम ने वैसा नहीं होने दिया है।’
साउद शकील के विवादित आउट पर भी रमीज राजा ने बड़ा बयान दिया। रमीज राजा ने कहा कि, ‘हमारा टेस्ट क्रिकेट पूल बहुत ही लिमिटेड है। हम चाहते हैं कि हमारे खिलाड़ी घर में ही डेब्यू करें। और अभी तक किसी भी खिलाड़ी का डेब्यू खराब नहीं गया है।
हमने देखा कि साउद शकील ने कितनी शानदार तरीके से बल्लेबाजी की। और अगर उन्हें आउट नहीं दिया गया होता तो शायद हम यह टेस्ट मैच जीत जाते। अगर आखिरी के 5 बल्लेबाज 10 से 15 रन बनाने की कोशिश करें तो हम काफी बेहतर खेल सकते हैं।’
फिल्हाल पाकिस्तान टीम इंग्लैंड के खिलाफ तीसरा टेस्ट मुकाबला कराची में खेल रही है। तीसरे टेस्ट मुकाबले में पाकिस्तान ने अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर 304 रन बनाए, जवाब में इंग्लैंड ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक 3 ओवर में 7 रन बनाकर अपना एक विकेट खो दिया है।