रणजी ट्रॉफी 2022-23: भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज की तैयारियों में जुट गए शार्दुल ठाकुर - क्रिकट्रैकर हिंदी

रणजी ट्रॉफी 2022-23: भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज की तैयारियों में जुट गए शार्दुल ठाकुर

शार्दुल ठाकुर अपने रेड-बॉल कौशल को निखारने के लिए खाली समय का उपयोग करना चाहते हैं।

Shardul Thakur (Image Source: Getty Images)
Shardul Thakur (Image Source: Getty Images)

मुंबई का जारी रणजी ट्रॉफी 2022-23 में शानदार प्रदर्शन जारी हैं, उन्होंने इस टूर्नामेंट में अब तक कुल तीन मैच खेले हैं, जिसमें से उन्हें दो मैचों में जीत नसीब हुई। आपको बता दें, मुंबई टीम इस समय जारी रणजी ट्रॉफी 2022-23 की इलीट ग्रुप बी की अंकतालिका में 13 अंको के साथ दूसरे स्थान पर है, जबकि सौराष्ट्र चार मैचों में 2 जीत और 2 ड्रॉ के बाद 19 अंको के साथ शीर्ष पर काबिज है।

इस बीच, मुंबई का जारी रणजी ट्रॉफी 2022-23 में अगला मुकाबला असम के खिलाफ गुवाहाटी में 10 से 13 जनवरी तक खेला जाना है। इस मुकाबले से पहले मुंबई टीम के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है, क्योंकि भारत के तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर इस मुकाबले में हिस्सा लेने वाले हैं।

मुंबई के लिए जारी रणजी ट्रॉफी 2022-23 में एक्शन में नजर आएंगे शार्दुल ठाकुर

दरअसल, खबरों के अनुसार, शार्दुल ठाकुर ने मुंबई क्रिकेट संघ (MCA) और मुख्य चयनकर्ता सलिल अंकोला को असम के खिलाफ गुवाहाटी में खेले जाने वाले मुंबई के अगले रणजी ट्रॉफी मैच के लिए अपनी उपलब्धता की पुष्टि की है, जिसके लिए वह पिछले दो दिनों से तैयारी कर रहे हैं।

एक सूत्र ने टाइम्स ऑफ इंडिया के हवाले से कहा: “शार्दुल ठाकुर ने आज यानी 6 जनवरी को मुंबई के मुख्य चयनकर्ता सलिल अंकोला को अगले रणजी मैच के लिए अपनी उपलब्धता की पुष्टि की है। वह पिछले दो दिनों से मुंबई क्रिकेट संघ के बीकेसी मैदान में अभ्यास कर रहे हैं।”

आपको बता दें, शार्दुल ठाकुर हाल ही बांग्लादेश में खेली गई दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा थे, लेकिन उन्हें एक भी मैच में मौका नहीं मिला। इसलिए वह जारी रणजी ट्रॉफी में मुंबई के लिए अच्छा प्रदर्शन कर फरवरी-मार्च में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली आगामी बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए चयनकर्ताओं की आंखो में बने रहना चाहते हैं। टीम इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच 9 फरवरी से नागपुर में चार मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जानी है, जिसके लिए शार्दुल रणजी ट्रॉफी में अच्छा प्रदर्शन कर चयनित होने की उम्मीद कर रहे हैं।

close whatsapp