Ranji Trophy 2025-26: रणजी ट्राॅफी में गरजा पृथ्वी शाॅ का बल्ला, टी20 अंदाज में ठोक दिया शतक

Ranji Trophy 2025-26: रणजी ट्राॅफी में गरजा पृथ्वी शाॅ का बल्ला, टी20 अंदाज में ठोक दिया शतक

पृथ्वी शॉ ने चंडीगढ़ के विरुद्ध दूसरी पारी में 222 रनों की नाबाद पारी खेली।

Prithvi Shaw (Image Credit- Twitter/X)
Prithvi Shaw (Image Credit- Twitter/X)

रणजी ट्रॉफी 2025-26, महाराष्ट्र के सलामी बल्लेबाज़ पृथ्वी शॉ ने अपना इस सीज़न का पहला शतक चंडीगढ़ के विरुद्ध लगाया। दूसरी पारी में बल्लेबाज़ी करने उतरे शॉ ने विस्फोटक अंदाज़ में बल्लेबाज़ी करते हुए मात्र 72 गेंदों में शतक जड़ा और आगे चलते हुए 141 गेंदों में शतक को दोहरे शतक में तब्दील किया। महाराष्ट्र के लिए अपने पहले ही सीज़न में पृथ्वी शॉ ने अच्छी लय दिखाई है, और वे इस फॉर्म को आने वाले मुकाबलों में भी जारी रखना चाहेंगे।

पहली पारी में शॉ अपना विकेट जल्दी गँवा बैठे और केवल 8 रनों पर जगजीत सिंह के शिकार बने। परन्तु अगली पारी में उन्होंने अपनी कला का शानदार प्रदर्शन करते हुए बेहतरीन पारी खेली और रणजी क्रिकेट के इतिहास का छठा सबसे तेज़ शतक लगाया।

25 वर्षीय पृथ्वी शॉ का घरेलू क्रिकेट में रिकॉर्ड शानदार रहा है, जिसमें उन्होंने 46.02 औसत से 4,556 प्रथम श्रेणी रन बनाए हैं और टी-20 में 151.54 के स्ट्राइक रेट से उन्होंने 2,902 रन बनाए हैं। इन बेहतरीन आँकड़ों के बावजूद, वह आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में अनसोल्ड रहे।

महाराष्ट्र बनाम चंडीगढ़ मैच का हाल

रणजी ट्रॉफी 2025-26 में चंडीगढ़ के सेक्टर-16 क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे चंडीगढ़ और महाराष्ट्र के बीच का मुकाबला, अब निर्णायक मोड़ पर आ गया है, जहाँ महाराष्ट्र ने अपनी पकड़ मज़बूत कर ली है। टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का चंडीगढ़ का फैसला तब गलत साबित हुआ जब महाराष्ट्र ने कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ (116) के शतक की मदद से पहली पारी में 313 रन बनाए।

जवाब में, चंडीगढ़ की टीम केवल 209 रन पर सिमट गई। इस पारी के मुख्य खिलाड़ी रहे युवा स्पिनर विकी ओस्तवाल, जिन्होंने बेहतरीन गेंदबाज़ी करते हुए महज़ 40 रन देकर 6 विकेट चटकाए, जिससे महाराष्ट्र को 104 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त मिली। जिसके बाद शॉ के नाबाद दोहरे शतक की मदद से महाराष्ट्र ने 463 रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया और 359 पर तीन विकेट गँवाने के बाद अपनी दूसरी पारी घोषित कर दी।

चंडीगढ़ अपनी दूसरी पारी में फिलहाल 45 पर अपना पहला विकेट गँवा चुकी है और उन्हें यह मैच जीतने के लिए फिलहाल 419 रनों की आवश्यकता है।

close whatsapp