ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों के खिलाफ राशिद खान ने बल्लेबाजी से दिखाया भयानक रूप, खेली अपनी टीम के लिए विस्फोटक पारी
अफगानिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 5 विकेट खोकर 291 रन बनाए।
अद्यतन - Nov 7, 2023 6:04 pm

इस समय आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 का 39वां मुकाबला अफगानिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जा रहा है। यह मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हो रहा है। दोनों ही टीमों के लिए इस मैच को जीतना बेहद जरूरी है। अफगानिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।
अफगानिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 5 विकेट खोकर 291 रन बनाए। इस मैच में अफगानिस्तान की ओर से इब्राहिम जादरान ने काफी अच्छी बल्लेबाजी की और अपनी टीम के लिए महत्वपूर्ण शतक जड़ा। इब्राहिम जादरान ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 143 गेंदों में 8 चौके और तीन छक्कों की मदद से 128 रनों की नाबाद पारी खेली।
हालांकि इब्राहिम जादरान के अलावा इस मैच में राशिद खान ने भी धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए 18 गेंदों में 2 चौके और 3 छक्कों की मदद से 35* रनों की विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के किसी भी गेंदबाज को नहीं छोड़ा और सभी पर कड़ा प्रहार किया। यही नहीं राशिद खान ने इब्राहिम जादरान के साथ 6वें विकेट के लिए 28 गेंदों में 58* रनों की बहुमूल्य साझेदारी भी की।
राशिद खान की इस छोटी और विस्फोटक पारी की वजह से अफगानिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया है। ऑस्ट्रेलिया को मैच जीतने के लिए 50 ओवर में 292 रन बनाने होंगे। बता दें, दोनों ही टीमें इस मैच को अपने नाम जरूर करना चाहेंगे।
ऑस्ट्रेलिया को मैच जीतने के लिए 292 रनों की जरूरत
ऑस्ट्रेलिया ने अभी तक इस टूर्नामेंट में कुल 7 मैच खेले हैं जिसमें से 5 में उन्होंने जीत दर्ज किया जबकि दो में टीम को हार का सामना करना पड़ा है। इस समय टीम आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 के अंक तालिका में तीसरे स्थान पर है।
वहीं अफगानिस्तान ने अभी तक 7 मुकाबलों में चार में जीत दर्ज की है जबकि तीन में उन्हें हार झेलनी पड़ी है। अफगानिस्तान इस समय आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 की अंक तालिका में छठवें पायदान पर है। अगर ऑस्ट्रेलिया इस मैच को जीत जाती है तो टीम सेमीफाइनल में प्रवेश कर जाएगी।