युवा खिलाड़ियों की मदद करने के लिए राशिद खान सबसे पहले आगे आते हैं: निखिल चोपड़ा - क्रिकट्रैकर हिंदी

युवा खिलाड़ियों की मदद करने के लिए राशिद खान सबसे पहले आगे आते हैं: निखिल चोपड़ा

राशिद खान सिर्फ मैदान में टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका नहीं निभा रहे हैं बल्कि मैदान के बाहर भी युवा खिलाड़ियों की मदद कर रहे हैं: निखिल चोपड़ा

rashid khan and nikhil chopra (source- twitter)
rashid khan and nikhil chopra (source- twitter)

एशिया कप 2022 के तीसरे मुकाबले में राशिद खान और मुजीब उर रहमान की घातक गेंदबाजी की बदौलत अफगानिस्तान ने बांग्लादेश को 7 विकेट से मात देकर सुपर 4 में अपनी जगह बना ली है। पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 127 रन बनाए। मैच में राशिद खान और मुजीब उर रहमान ने 3-3 विकेट झटके।

128 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान टीम ने 18.3 ओवर में ही मुकाबला अपने नाम किया। नजीबुल्लाह जादरान ने 17 गेंदों में 43* रन की आक्रामक पारी खेली और टीम की जीत में अहम योगदान दिया।

राशिद काफी दयालु और सबकी मदद करने वाले इंसान हैं: निखिल चोपड़ा

इस बीच भारत के पूर्व क्रिकेटर निखिल चोपड़ा का कहना है कि राशिद खान सिर्फ मैदान के अंदर ही नहीं बल्कि मैदान के बाहर भी चैंपियन हैं। निखिल चोपड़ा ने क्रिकट्रैकर के ‘रन की रननीति’ शो में कहा कि, ‘राशिद काफी दयालु हैं और सबकी मदद करने वाले इंसान हैं। वो सिर्फ मैदान में टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका नहीं निभा रहे हैं बल्कि मैदान के बाहर भी युवा खिलाड़ियों की मदद कर रहे हैं, क्योंकि वो उनके जितना नहीं कमाते हैं।

वो जो भी कमाते है उसको दिल खोल के युवा खिलाड़ियों के साथ शेयर करते हैं और जो टीम का वातावरण है उसे सकारात्मक बनाते हैं। वो बस यही चाहते हैं कि भविष्य की टीम को और बेहतर बनाया जाए जिससे अफगानिस्तान का नाम और ऊंचा हो। वो मैदान के अंदर ही नहीं बल्कि मैदान के बाहर भी चैंपियन हैं।

मोहम्मद नबी ने राशिद खान का इस्तेमाल बहुत अच्छी तरह से किया: निखिल चोपड़ा

राशिद खान ने बांग्लादेश के खिलाफ 3 विकेट झटके। बांग्लादेश का कोई भी खिलाड़ी उन्हें परेशान ना कर सका। निखिल चोपड़ा ने मोहम्मद नबी की कप्तानी की तारीफ करते हुए कहा कि, सभी टीमें जानती हैं कि राशिद चैंपियन है और मैच जिताऊ गेंदबाज भी हैं। अगर आप उन्हें अपना विकेट दे देते हैं तो वो आपकी टीम के ऊपर पूरी तरह से हावी हो जाते हैं।

मोहम्मद नबी की मैं तारीफ करना चाहूंगा कि उन्होंने राशिद को बिल्कुल सही समय में गेंदबाजी दी। वो पारी का 7वां ओवर फेंकने आए और फिर उन्हें 11वां ओवर दिया गया। उन्होंने राशिद का इस्तेमाल वैसा ही किया जैसे एक कप्तान अपने मैच विनर गेंदबाज का इस्तेमाल करता है।

close whatsapp