ODI में सभी चीजों को सरल रखें’- पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री ने दी सूर्यकुमार यादव को अहम सलाह
वनडे फॉर्मेट में सूर्यकुमार यादव का प्रदर्शन रहा है निराशाजनक।
अद्यतन - सितम्बर 21, 2023 1:09 अपराह्न

टीम इंडिया के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री ने सूर्यकुमार यादव के हालिया वनडे फॉर्म को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने बताया है कि वनडे फॉर्मेट में संघर्ष कर रहे सूर्यकुमार यादव को अपनी टी20 बल्लेबाजी की तरह ही अप्रोच को बरकरार रखते हुए 50 ओवर के प्रारूप में खुद को अधिक समय देने की जरूरत है।
आपको बता दें कि, सूर्यकुमार यादव T20I में दुनिया के नंबर 1 रैंक वाले बल्लेबाज हैं, लेकिन उन्हें वनडे प्रारूप में काफी संघर्ष करना पड़ता है। 33 वर्षीय खिलाड़ी ने 27 वनडे मैचों में 24.40 के निराशाजनक औसत और दो अर्धशतकों के साथ केवल 537 रन बनाए हैं।
वर्ल्ड कप से पहले रवि शास्त्री ने सूर्यकुमार यादव को दी खास सलाह
एकदिवसीय फॉर्मेट में उनके खराब प्रदर्शन के बावजूद, भारतीय टीम मैनेजमेंट का मानना है कि यह विस्फोटक बल्लेबाज उनके लिए एक मैच विनर साबित हो सकता है और इसलिए उन्हें 15 सदस्यीय वर्ल्ड कप टीम में चुना गया है। फॉक्स क्रिकेट से बात करते हुए, शास्त्री ने बताया कि सूर्यकुमार यादव को वनडे में किस अप्रोच के साथ खेलना चाहिए।
रवि शास्त्री ने कहा कि, “अगर मैं उनसे बात करता, तो मैं उनसे कहता कि सभी चीजों को सरल रखें। बस याद रखें कि जब 50 ओवर के क्रिकेट की बात आती है तो आपके पास थोड़ा अधिक समय होता है। आपको बहुत अधिक बदलाव करने की जरूरत नहीं है। आप अभी भी इसे सरल रखते हैं, जैसे आप टी20 क्रिकेट को देखते हैं वैसे ही आप इस फॉर्मेट को भी खेलें।”
शास्त्री का मानना है कि सही फॉर्म खोजने के लिए खुद को अधिक समय देकर, सूर्या इस प्रारूप में भी एक बड़े बल्लेबाज बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि, “50 ओवर के क्रिकेट में, अपने आप को अतिरिक्त पांच गेंदें दें, आपको इसकी अनुमति है, लेकिन कुछ और न बदलें। उस गति को जारी रखें; आपके आस-पास अन्य बल्लेबाज भी हैं जो यह काम कर सकते हैं। यदि आप ऐसा करते हैं , 40-50 गेंदें खेलें, आप अपने दम पर गेम जीत सकते हैं।”
यह भी पढ़ें: ‘हमारी मौजूदा टीम 1996 वाली वर्ल्ड कप टीम से ज्यादा प्रतिभाशाली है’