टी-20 में केएल राहुल का कोई जवाब नहीं: रवि शास्त्री
केएल राहुल ने भारत के लिए 56 टी-20 मुकाबले खेले हैं जिसमें 40.69 के औसत से 1831 रन बनाए हैं।
अद्यतन - जून 4, 2022 5:32 अपराह्न

भारत के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री का मानना है कि केएल राहुल का रिकॉर्ड टी-20 फॉर्मेट में कमाल का रहा है और वो आगामी दक्षिण अफ्रीका सीरीज में जबरदस्त प्रदर्शन करेंगे। बता दें, इस सीरीज में राहुल को कप्तान नियुक्त किया गया है।
केएल राहुल ने टी-20 फॉर्मेट में जबरदस्त प्रदर्शन किया है। उन्होंने अभी तक भारत के लिए 56 टी20 मुकाबले खेले हैं जिसमें 40.69 के औसत से 1831 रन बनाए हैं। यही नहीं, IPL 2022 में भी उन्होंने जबरदस्त प्रदर्शन किया था जहां राहुल ने 15 मुकाबलों में 51.33 के औसत से 616 रन बनाए थे।
स्टार स्पोर्ट्स के शो ‘गेम प्लान’ में रवि शास्त्री ने केएल राहुल की तारीफ करते हुए कहा कि, “राहुल ने पहले भी भारतीय टीम की कप्तानी की है। उनके लिए ये कोई नई बात नहीं है। अगर आप उनके पिछले 2-3 साल का प्रदर्शन देखें तो उन्होंने इस फॉर्मेट में लगातार टीम के लिए रन बनाए हैं। यही नहीं, सीजन-दर-सीजन उनका IPL में भी प्रदर्शन और बेहतर होता जा रहा है। तो इसको देखकर लगता ही है कि वो टी-20 फॉर्मेट को काफी पसंद करते हैं। अब जब उन्हें कप्तान नियुक्त कर दिया गया है तो उनका प्रदर्शन और बेहतर होता हुआ दिखेगा।”
बता दें, राहुल ने टी-20 फॉर्मेट में कभी भी भारतीय टीम की कप्तानी नहीं की है। रोहित के चोटिल होने के बाद राहुल को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज का कप्तान बनाया गया था।
रोहित और विराट के ना होने के बावजूद टीम काफी अच्छी है: रवि शास्त्री
रवि शास्त्री की मानें तो दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घोषित हुई भारतीय टीम काफी अच्छी है। टीम में भले ही रोहित और विराट नहीं हैं लेकिन इसके बावजूद युवा खिलाड़ियों को अपना टैलेंट दिखाने का इससे अच्छा मौका नहीं मिलेगा। टीम में कुछ पुराने चेहरे भी हैं और कुछ नए भी। अब देखना यह होगा कि टीम इंडिया दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कैसा प्रदर्शन करती है।