रवि शास्त्री का बड़ा बयान कहा, टी-20 वर्ल्ड कप के बाद लंबे ब्रेक पर जा सकते हैं शाहीन अफरीदी
टी-20 विश्व कप 2022 में अभी तक पुराने लय में नहीं दिखे हैं शाहीन शाह अफरीदी।
अद्यतन - Oct 30, 2022 9:30 pm

मौजूदा समय में क्रिकेट के शानदार तेज गेंदबाजों में शुमार शाहीन शाह अफरीदी ऑस्ट्रेलिया मे जारी टी-20 विश्व कप में फाॅर्म की तलाश में हैं। अभी तक खेले गए 3 मैचों में शाहीन की गेंदबाजी में वो धार नहीं दिखी है जिसके लिए वो जाने जाते हैं। साथ ही इन तीन मुकाबलों में उन्हें आज 30 अक्टूबर को जाकर नीदरलैंड के खिलाफ एक विकेट नसीब हुआ।
गौरतलब है कि टी-20 विश्व कप 2022 के लिए पाकिस्तान टीम में शामिल होने से कुछ समय पहले ही वह चोट से उबरे थे। साथ ही बता दें कि घुटने की चोट से उबरने के बाद शाहीन ने ज्यादा क्रिकेट भी नहीं खेला था और अब भारत के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री का मानना है कि वर्तमान में शाहीन पूरी तरह से फिट नहीं है और उनकी वापसी जल्दबाजी में हुई है। साथ ही शास्त्री को लगता है कि टी-20 विश्व कप के बाद वह एक बड़ा ब्रेक ले सकते हैं
रवि शास्त्री का हैरान करने वाला बड़ा बयान
पूर्व विश्व कप विजेता खिलाड़ी रवि शास्त्री ने स्टार स्पोर्ट्स से बातचीत करते हुए बड़ा बयान दिया है। शास्त्री ने कहा कि, एक बात तो मुझे साफ है कि वह (शाहीन अफरीदी) दर्द में है। दर्द से मेरा मतलब शारीरिक दर्द। मुझे नहीं लगता कि वह पूरी तरह फिट हैं। उसे थोड़ा जल्दी टीम में वापिस लाया गया है।
इसके अलावा शास्त्री ने कहा ऐसे में उनसे उम्मीदें कुछ ज्यादा ही हैं। यह विश्व कप है इसलिए उस पर दबाव है, वह खेलना चाहता है। देश उसे खेलते देखना चाहता है, चयनकर्ता चाहते हैं कि वह खेले। लेकिन वह इसे आराम से हैंडल करेगा, लेकिन जैसे-जैसे टूर्नामेंट आगे बढ़ेगा, वह फाॅर्म में आने वाला है। मैं उसे टूर्नामेंट खत्म होने के बाद, एक लंबा ब्रेक लेता हुआ देख रहा हूं।
पाकिस्तान को मिली पहली जीत
ऑस्ट्रेलिया में जारी टी-20 विश्व कप में आज पाकिस्तान को पहली जीत मिल ही गई। 30 अक्टूबर को नीदरलैंड और पाकिस्तान के बीच पर्थ स्टेडियम में मुकाबला हुआ। इस मैच में नीदरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 92 रनों का लक्ष्य पाकिस्तान के सामने रखा। इस लक्ष्य को पाकिस्तान ने 13.5 ओवर में 4 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। वहीं अब पाकिस्तान को चौथे मैच में 3 नवंबर को साउथ अफ्रीका से सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में भिड़ना है।