काफी खुशी हो रही है कि हर्षल पटेल ने नॉन स्ट्राइकर को रनआउट करने की कोशिश की: रविचंद्रन अश्विन
10 अप्रैल को खेले गए मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को 1 विकेट से मात दी।
अद्यतन - अप्रैल 11, 2023 7:59 अपराह्न

राजस्थान रॉयल्स के अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के तेज़ गेंदबाज़ हर्षल पटेल की जमकर प्रशंसा की है। उनके मुताबिक हर्षल पटेल ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मुकाबले में नॉन-स्ट्राइकर को रन आउट करने की कोशिश की।
बता दें, 10 अप्रैल को खेले गए मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को 1 विकेट से मात दी। यह मुकाबला बैंगलोर के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला गया था। लखनऊ सुपर जायंट्स को यह मैच जीतने के लिए आखिरी गेंद पर 1 रन की जरूरत थी। RCB की ओर से यह ओवर हर्षल पटेल फेंक रहे थे।
बल्लेबाजी क्रीज में आवेश खान मौजूद थे जबकि नॉन स्ट्राइकर एंड में रवि बिश्नोई खड़े हुए थे। जैसे ही हर्षल पटेल गेंदबाजी के दौरान गेंद फेंकने के लिए गए रवि बिश्नोई अपनी क्रीज से बाहर निकल गए। हर्षल पटेल ने नॉन स्ट्राइकर एंड में उन्हें रन आउट करने की कोशिश की। हालांकि वो थोड़ा देर कर दिए जिसकी वजह से रवि बिश्नोई रनआउट होने से बाल-बाल बचे। अब इसी को लेकर अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने अपना पक्ष रखा।
मुझे समझ नहीं आता कि परेशानी क्या है: रविचंद्रन अश्विन
न्यूज18 के मुताबिक रविचंद्रन अश्विन ने कहा कि, ‘एक गेंद पर 1 रन चाहिए थे। नॉन स्ट्राइकर हमेशा रन लेने के लिए भागेंगे। मैं हमेशा रुककर बल्लेबाज को रन आउट कर देता। मुझे समझ नहीं आता कि परेशानी क्या है। मैं मैच देख रहा था और अपनी बीवी से कह रहा था कि उन्हें रन आउट कर देना चाहिए और उन्होंने वैसा ही करने की कोशिश की। मुझे देखकर काफी खुशी महसूस हुई कि यह गेंदबाज ने अपने ऊपर भरोसा जताया और यह करने की कोशिश की।’
इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में अभी तक कई शानदार मुकाबले खेले जा चुके हैं। इस समय दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला खेला जा रहा है।