क्लब क्रिकेट मुकाबले में रविचंद्रन अश्विन ने 108 गेंदों में जड़े 81 रन - क्रिकट्रैकर हिंदी

क्लब क्रिकेट मुकाबले में रविचंद्रन अश्विन ने 108 गेंदों में जड़े 81 रन

रविचंद्रन अश्विन ने आईपीएल से फ्री होने के बाद यह मैच खेला।

Ravichandran Ashwin. (Photo Source: Twitter/BCCI)
Ravichandran Ashwin. (Photo Source: Twitter/BCCI)

भारतीय टीम के दिग्गज ऑफ स्पिनर गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन ने हाल ही में IPL 2022 से अपने घर आने के बाद एक क्लब मुकाबले में हिस्सा लिया। उन्होंने 8 जून को पलायमपट्टी शील्ड में मायलापोर रीक्रिएशन क्लब ए से सेमीफाइनल मुकाबला खेला था।

रविचंद्रन अश्विन ने अपने क्लब का नेतृत्व किया था और ग्रैंडस्लैम क्रिकेट क्लब के खिलाफ कप्तानी पारी खेली थी। उन्होंने पारी की शुरुआत की और 108 गेंदों में 81 रन बनाए थे। यही नहीं उन्होंने 20 ओवर फेंके थे और एक विकेट भी अपने नाम किया था। बता दें, ये मुकाबला चेन्नई में खेला जा रहा था। मायलापोर रीक्रिएशन क्लब ए ने पहली पारी की बढ़त के आधार पर जीत दर्ज की और फाइनल में जगह बनाई।

फाइनल मुकाबले में भी रविचंद्रन अश्विन टीम का नेतृत्व करेंगे। यह मुकाबला 9 जून को विजय क्रिकेट क्लब के खिलाफ खेला जाएगा। अश्विन को भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका के बीच पांच मुकाबलों की टी-20 सीरीज में टीम में जगह नहीं मिली थी। हालांकि इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले पुननिर्धारित टेस्ट मुकाबले में उनका नाम टीम में शामिल किया गया है।

IPL 2022 में रविचंद्रन अश्विन का प्रदर्शन

बता दें, रविचंद्रन अश्विन को IPL 2022 के मेगा ऑक्शन में राजस्थान रॉयल्स (RR) द्वारा 5 करोड़ रुपए में टीम में शामिल किया गया था। राजस्थान का यह दांव काफी सफल साबित हुआ था। रविचंद्रन अश्विन ने 17 मुकाबलों में 7.51 के इकोनॉमी रेट से 12 विकेट झटके थे। यही नहीं टीम ने उनके बल्लेबाजी क्रम में भी बदलाव किया था और कई मुकाबलों में नंबर 3 पर भेजा था।

अश्विन ने बल्लेबाजी में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया था और 141.48 के स्ट्राइक रेट से 191 रन बनाए थे। इस दाएं हाथ के बल्लेबाज ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ धमाकेदार अर्धशतक भी जड़ा था।अश्विन के प्रदर्शन की बदौलत टीम फाइनल में प्रवेश कर गई थी। हालांकि अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में गुजरात टाइटंस (GT) के हाथों उनको 7 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी।

close whatsapp