World Cup 2023: चोटिल अक्षर पटेल की जगह इस अनुभवी खिलाड़ी की हुई भारतीय टीम में एंट्री
अक्षर पटेल की जगह इस स्क्वॉड में शामिल किया गया है अश्विन को।
अद्यतन - Sep 28, 2023 8:45 pm

वनडे वर्ल्ड कप 2023 के लिए भारतीय टीम को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को world cup 2023 के लिए भारतीय टीम में शामिल कर लिया गया है। उन्हें अक्षर पटेल की जगह इस स्क्वॉड में शामिल किया गया है।
बता दें, अक्षर पटेल पिछले कुछ समय से चोटिल है और ऐसी रिपोर्ट सामने आ रही थी कि वर्ल्ड कप 2023 से पहले वो पूरी तरह से फिट नहीं हो पाएंगे। हाल ही में समाप्त हुई ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में रविचंद्रन अश्विन ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया और उसी का इनाम उन्हें मिला है।
अश्विन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे में एक विकेट हासिल किया था, जबकि दूसरे वनडे में उन्होंने तीन विकेट अपने नाम किए थे। तीसरे वनडे मैच में रविचंद्रन अश्विन को आराम दिया गया था। जिस तरीके की गेंदबाजी रविचंद्रन अश्विन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में की थी, उसको देखकर तमाम लोग काफी खुश थे और सभी का यही मानना था कि रविचंद्रन अश्विन को वनडे वर्ल्ड कप 2023 की भारतीय टीम में जरूर शामिल करना चाहिए।
5 अक्टूबर से शुरू हो रहा है वर्ल्ड कप 2023
बता दें, वनडे वर्ल्ड कप 2023 की शुरुआत 5 अक्टूबर से हो रही है और इस टूर्नामेंट का पहला मुकाबला न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय टीम की बात की जाए तो उन्हें अपना पहला मुकाबला ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 8 अक्टूबर को खेलना है।
भारतीय परिस्थितियों में स्पिनर्स काफी अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं और इसी वजह से रविचंद्रन अश्विन को टीम में शामिल किया गया है। रविचंद्रन अश्विन गेंदबाजी के साथ-साथ बल्लेबाजी से भी भारतीय टीम के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए नजर आ सकते हैं। बता दें, भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज में 2-1 से करारी शिकस्त दी थी।