क्या बात है रविचंद्रन अश्विन, क्रिकेट के साथ-साथ अब आपने हॉकी के मैदान पर भी जीता सभी का दिल
9 अगस्त को रविचंद्रन अश्विन एशियन चैंपियनशिप ट्रॉफी टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान का हॉकी मुकाबले देखने के लिए मेयर राधाकृष्णन स्टेडियम, चेन्नई गए थे।
अद्यतन - अगस्त 11, 2023 2:14 अपराह्न

अनुभवी खिलाड़ी रविचंद्रन अश्विन को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ स्पिनर्स में गिना जाता है। उन्होंने भारतीय क्रिकेट में कई मुकाबलों में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है और अपनी टीम की जीत में अहम योगदान दिया। सिर्फ लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट में ही नहीं बल्कि टेस्ट प्रारूप में भी उनकी गेंदबाजी काफी अच्छी रही है।
9 अगस्त को रविचंद्रन अश्विन एशियन चैंपियनशिप ट्रॉफी टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान का हॉकी मुकाबले देखने के लिए मेयर राधाकृष्णन स्टेडियम, चेन्नई गए थे। मुकाबला से पहले रविचंद्रन अश्विन को दोनों टीमों के साथ और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के साथ राष्ट्रगान के लिए खड़े होते हुए देखा गया। इसके बाद उन्होंने खिलाड़ियों के साथ हाथ मिलाया और उन्हें मुकाबले के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं दी।
जैसे ही मुकाबला शुरू हुआ रविचंद्रन अश्विन को भारतीय टीम के लिए जमकर चीयर करते हुए देखा गया। यही नहीं इस मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 4-0 से करारी शिकस्त दी। मुकाबला खत्म होने के बाद रविचंद्रन अश्विन को गोलकीपर पीआर श्रीजेश के साथ बातचीत करते हुए देखा गया जिन्होंने भारतीय क्रिकेटर की भी जमकर प्रशंसा की। एक दूसरे से बात खत्म करने के बाद दोनों एक दूसरे के गले मिले जिसको देख तमाम फैंस भी काफी खुश हो गए।
रविचंद्रन अश्विन सीनियर खिलाड़ी हैं और इस समय अंतरराष्ट्रीय टीम के मेंबर भी है: पीआर श्रीजेश
टाइम्स नाउ के मुताबिक रविचंद्रन अश्विन के साथ बातचीत के बाद पीआर श्रीजेश ने कहा कि, ‘उनका यह रूप देखकर मैं बहुत ही खुश हुआ। वो दिग्गज खिलाड़ी है और लीजेंड भी। इस समय की अंतरराष्ट्रीय टीम के वो मेंबर भी हैं और इसके बावजूद उन्होंने मुझे पहचाना। वो मेरे पास आए और उन्होंने मुझे Hi कहा। सच में मुझे इस समय बहुत ही खुशी महसूस हो रही है। शायद ही कोई और ऐसा करता होगा, यह मेरे लिए बहुत बड़ी बात है।’
ऐसा काफी बार देखा गया है कि एक खेल के खिलाड़ी दूसरे खेल को देखने जब जाते हैं तो दोनों के बीच काफी बातचीत होती है और सभी लोग यह देखकर खुश होते हैं कि क्रिकेट के अलावा और भी खेलो को भारत में बढ़ावा दिया जा रहा है।