‘जडेजा पांचवें दिन की पिच पर, हमेशा एक खतरा होते हैं’- वेस्टइंडीज और भारत के बीच जारी दूसरे टेस्ट मैच को लेकर आकाश चोपड़ा
दूसरा टेस्ट मैच भारत को जीतने के लिए सिर्फ 8 विकेट की जरूरत
अद्यतन - जुलाई 24, 2023 6:34 अपराह्न

वेस्टइंडीज और भारत के बीच त्रिनिदाद के क्वींस पार्क ओवल, पोर्ट ऑफ स्पेन में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में अभी तक भारतीय स्पिनर रवींद्र जडेजा और आर अश्विन ने शानदार गेंदबाजी की है। इसके अलावा इन दोनों स्पिनरों ने एक और रिकाॅर्ड को अपने नाम कर लिया है।
बता दें कि इस स्पिन जोड़ी ने टेस्ट क्रिकेट में 500 विकेट अपने नाम कर लिए हैं और वह ऐसा करने वाले कुल दूसरी स्पिन जोड़ी बन गई है। तो वहीं 501 टेस्ट विकेट के साथ अनिल कुंबले और हरभजन सिंह पहले नंबर पर मौजूद हैं।
दूसरी तरफ वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच को अपने नाम और टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप करने में इन दोनों स्पिनरों की भूमिका महत्वपूर्ण होने वाली है। तो वहीं वेस्टइंडीज और भारत के बीच दूसरे टेस्ट मैच के पांचवे दिन का खेल होने से पहले पूर्व भारतीय खिलाड़ी आकाश चोपड़ा ने बड़ा बयान दिया है। चोपड़ा का मानना है कि जडेजा पांचवें दिन की पिच पर, हमेशा एक खतरा होते हैं।
आकाश चोपड़ा ने जडेजा को लेकर कही ये बड़ी बात
बता दें कि जियो सिनेमा के साथ बातचीत करते हुए आकाश चोपड़ा ने कहा- यह इस पर निर्भर करता है कि वे (भारत) वास्तव में क्या सोच रहे हैं। अगर उन्हें ये गेम जीतना है तो उन्हें थोड़ा आक्रामक क्रिकेट खेलना होगा। लेकिन अगर वे सिर्फ इस खेल को ड्रा करने के बारे में सोच रहे हैं, तो यह कोई बढ़िया रणनीति नहीं है लेकिन वेस्टइंडीज द्वारा ऐसा करने की संभावना है।
चोपड़ा ने आगे कहा- अश्विन ने पहले ही कुछ विकेट ले लिए हैं। रवींद्र जडेजा पांचवें दिन की पिच पर, हमेशा एक खतरा होते हैं। इसलिए, मैं उनसे उम्मीद करता हूं कि अगर खेल इतना आगे तक जाता है, तो वे दूसरे या तीसरे सेशन में एक साथ काफी ओवर फेंकेंगे, क्योंकि टीम इंडिया भी इस बारे में सोचना शुरू कर देगी कि कितने ओवर बचे हैं और वे कितने ओवर कर सकते हैं, क्योंकि ये दोनों स्पिनर वास्तव में दोगुनी तेजी से अपने ओवर डाल सकते हैं।