‘यह विदेशों में दर्ज की गई इंग्लैंड की सबसे बड़ी जीतों में से एक’- रावलपिंडी टेस्ट मैच के बाद बेन स्टोक्स का बयान
इंग्लैंड ने पाकिस्तान को रावलपिंडी टेस्ट मे 74 रनों से हराकर 1-0 की बढ़त बना ली है।
अद्यतन - Dec 6, 2022 12:57 pm

इंग्लैंड क्रिकेट टीम इस समय तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए पाकिस्तान दौरे पर है। वहीं इस दौरे पर रावलपिंडी में हुए पहले टेस्ट मैच में इंग्लैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज कर टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।
बल्लेबाजी के लिए अनुकूल व फ्लैट पिच पर इंग्लैंड ने मैच के पांचवे दिन पूरा जोर लगाते हुए जीत दर्ज की थी। मैच के पांचवे दिन गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन कर इंग्लैंड ने जल्दी-जल्दी पाकिस्तान के अंतिम पांच विकेट निकाले और मुकाबले को 74 रनों से अपने नाम कर लिया।
वहीं मैच के दौरान इंग्लैंड टीम के कप्तान बेन स्टोक्स को काफी आक्रामक रणनीतियां और फील्डिंग सजाते हुए देखा गया था। जेम्स एंडरसन और ओली रॉबिन्सन ने तेज गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को जीत दिलाने में मदद की थी। वहीं इंग्लिश कप्तान स्टोक्स ने टीम की इस जीत को विदेशों में दर्ज की गई कुछ बेहतरीन जीतों में से एक करार दिया है।
बेन स्टोक्स ने पाकिस्तान पर मिली जीत को बताया खास
मैच के दौरान पिच की परवाह न करते हुए बेन स्टोक्स ने टीम के आक्रामक खेल को जारी रखा और न ही यह सोचा कि बल्लेबाजी के लिए अनुकूल इस पिच पर विरोधी टीम के बल्लेबाज क्या कर सकते हैं। वहीं टीम की के सामूहिक प्रयास पर गर्व करते हुए बेन स्टोक्स ने बड़ा बयान दिया है।
रावलपिंडी टेस्ट मैच खत्म होने के बाद आयोजित प्रेस काॅन्फ्रेंस में बेन स्टोक्स ने कहा मैंने अपनी और कोच ब्रेंडन मैकुलम की लीडरशिप में 8 से 9 मैच खेले है। इस दौरान एक चीज जो हम करने की कोशिश करते हैं कि अपनी टीम पर ज्याद ध्यान दिया जाए ना कि विरोधियों पर। बल्लेबाजी के लिए पिच काफी अच्छी थी और यह हमारे बल्लेबाजी ग्रुप के लिए शानदार अवसर था।
स्टोक्स ने आगे कहा, मुझे और मेरे ड्रेसिंग रूम को ड्रॉ के लिए खेलने में कोई दिलचस्पी नहीं है। यह एक इस तरह का विकेट था, जहां बल्लेबाजों को अटैकिंग शाॅट खेलने के लिए लुभाना पड़ रहा था। हमारे लिए अच्छा हुआ कि आज गेंद रिवर्स हुई। जेम्स एंडरसन और ओली रॉबिन्सन ने शादार गेंदबाजी की और पांचवे दिन का खेल खत्म होने से लगभग 8 मिनट पहले हम जीत गए होंगे। यह शायद इंग्लैंड द्वारा विदेशों में हासिल की गई सबसे बड़ी जीतों में से एक है।