‘आराम करने का समय खत्म’ – CSK से मुकाबले से पहले DC के कोच मुनाफ पटेल ने खिलड़ियों को दी वार्निंग
दिल्ली कैपिटल्स मंगलवार, 5 मई को अरुण जेटली स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स का सामना करने के लिए तैयार है।
अद्यतन - May 5, 2026 11:13 am

दिल्ली कैपिटल्स मंगलवार, 5 मई को अरुण जेटली स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के एक अहम मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स का सामना करने के लिए तैयार है। इस मैच से पहले, दिल्ली कैपिटल्स के बॉलिंग कोच मुनाफ पटेल ने कहा कि टीम हर मैच जीतने के इरादे से खेलती है और अब उसका ‘रिलैक्स्ड मोड’ पूरी तरह से खत्म हो चुका है।
मैच से पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुनाफ ने कहा, “आपके पास मैच जीतने के अलावा कोई और विकल्प नहीं है। जाहिर है, हम हर मैच जीतने के लिए ही खेलते हैं, लेकिन अब आराम करने का समय खत्म हो गया है। अगर आप क्वालिफाई करना चाहते हैं, तो आपको सभी मैच जीतने होंगे। हमने मैच जीते हैं और हम उन्हें भूल चुके हैं। अगर हम उन्हें याद करते रहेंगे, तो हम फिर से हार जाएंगे। बेहतर यही है कि हम उन्हें भूल जाएं और जीते हुए मैच की स्पीड के साथ आगे बढ़ें।”
हमारा काम उन्हें (प्लेयर्स) प्रेरित करना है – मुनाफ
मुनाफ ने कहा, “हमारा काम उन्हें (प्लेयर्स) प्रेरित करना है। हम उन्हें उनकी गलतियों के बारे में बताते हैं और उनमें सुधार करवाते हैं। एक बार जब आप मैदान पर उतर जाते हैं, तो मेरी और हेमांग की भूमिका खत्म हो जाती है, क्योंकि मैदान पर खिलाड़ियों को ही सब कुछ करना होता है। आप उन्हें जितना चाहें उतना प्रेरित कर सकते हैं। लेकिन जब तक वे खुद प्रेरित नहीं होते, या अपनी ताकत के हिसाब से गेंदबाजी नहीं कर पाते, या बल्लेबाज की कमजोरी के हिसाब से गेंद नहीं डाल पाते, तब तक आप कुछ नहीं कर सकते।”
उन्होंने आगे कहा, “आत्मविश्वास हमेशा जीत से आता है। मेरा हमेशा से मानना है कि हारने से आप आत्मविश्वास नहीं दे सकते। आप धीमी पिचों की बात कर रहे हैं – टी20 वर्ल्ड कप में खेलने वाले स्पिनर, कुलदीप और अक्षर, वे तो टीम में हैं ही। इसमें कोई शक नहीं है कि वे नहीं खेलेंगे, क्योंकि हमारे पास सबसे बेहतरीन स्पिन बॉलिंग यूनिट्स में से एक है। हमारे पास धीमी पिचों को लेकर शिकायत करने का कोई कारण नहीं है। अगर पिचें धीमी हैं, तो यह हमारे लिए और भी अच्छा है, क्योंकि हमारे पास टॉप स्पिनर हैं और इससे हमें ही फायदा होगा।”