रिपोर्ट: आगामी सीजन के कुछ मुकाबलों को मिस करेंगे रोहित शर्मा, इस विस्फोटक भारतीय बल्लेबाज को उनकी अनुपलब्धता में मिलेगी कप्तानी
इंडियन प्रीमियर लीग 2023 की शुरुआत 31 मार्च से हो रही है।
अद्यतन - Mar 29, 2023 12:13 pm

इंडियन प्रीमियर लीग 2023 की शुरुआत 31 मार्च से हो रही है। इस बेहतरीन टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले एक बड़ी रिपोर्ट सामने आ रही है। रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय टीम और मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा IPL 2023 के कुछ मुकाबले मिस कर सकते हैं।
बता दें, मुंबई इंडियंस का पिछला सीजन इतना अच्छा नहीं गया था। रोहित शर्मा भी टीम की ओर से अच्छी बल्लेबाजी नहीं कर पाए थे। इसी वजह से मुंबई इंडियंस पिछले सीजन की अंक तालिका में सबसे निचले स्थान पर रही थी। वो पहली टीम भी थी जो प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हुई। मुंबई इंडियंस को इंडियन प्रीमियर लीग की सबसे सफल टीमों में गिना जाता है। उन्होंने अभी तक इस टूर्नामेंट की ट्रॉफी को 5 बार अपने नाम किया है।
रोहित शर्मा की जगह सूर्यकुमार यादव कर सकते हैं मुंबई इंडियंस की कप्तानी
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, रोहित शर्मा आगामी IPL सत्र के कुछ मुकाबले मिस कर सकते हैं। ऐसा इसलिए ताकि वो अपने वर्कलोड को सही तरह से संभाल पाए। इस साल अक्टूबर-नवंबर महीने में वनडे वर्ल्ड कप खेला जाना है जो भारत में ही होगा।
यही नहीं IPL 2023 के खत्म होने के बाद भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मैच भी खेला जाएगा। रोहित पिछले काफी समय से भारत के लिए लगातार मुकाबले खेल रहे हैं और उन्हें भी लगता है कि अब उन्हें थोड़े आराम की भी बेहद जरूरत है।
इन्हीं रिपोर्ट के मुताबिक रोहित शर्मा की अनुपलब्धता में मुंबई इंडियंस की कमान सूर्यकुमार यादव संभाल सकते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक रोहित शर्मा खुद यह चुनेंगे कि उन्हें किन मुकाबलों को मिस करना है।
इंडियन प्रीमियर लीग 2022 में रोहित शर्मा ने एक भी अर्धशतक नहीं जड़ा था। उनकी कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने अपने शुरुआती 8 मुकाबलों में हार का सामना किया था। रोहित ने पिछले सीजन में 14 मुकाबलों में 268 रन बनाए थे जबकि उनके टीम के साथी सूर्यकुमार यादव ने 8 मुकाबलों में 303 रन जड़े थे। हालांकि अब आगामी सत्र को मुंबई इंडियंस अपने नाम करना चाहेगी।