Asia Cup 2023: ACC ने हाइब्रिड मॉडल को दे दी मंजूरी! अब यहां खेला जाएगा भारत-पाकिस्तान का मुकाबला
रिपोर्ट्स के अनुसार एशिया कप 2023 1 सितंबर से 17 सितंबर के बीच खेला जाएगा।
अद्यतन - जून 11, 2023 1:48 अपराह्न

एशिया कप 2023 की मेजबानी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को दी गई है। लेकिन बीसीसीआई ने पाकिस्तान का दौरा करने से मना कर दिया था। जिसके बाद से ही एशिया कप के आयोजन को लेकर चर्चाएं लगातार चल रही है। पाकिस्तान ने तो यह भी कह दिया था कि अगर भारत एशिया कप के लिए पाकिस्तान नहीं आएगी तो वह आगामी वर्ल्ड कप 2023 से अपना नाम वापस ले सकती है।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने एशिया कप 2023 के लिए हाइब्रिड मॉडल का प्रस्ताव रखा था। जिसे भारत समेत कुछ अन्य देशों ने नकार दिया था। इस बीच श्रीलंका और यूएई एशिया कप का आयोजन कर सकती है, इसकी खबरें भी सामने आई थी। लेकिन इस वक्त एशिया कप से जुड़ी बड़ी खबर सामने आ रही है। दरअसल ACC (एशियन क्रिकेट काउंसिल) ने पाकिस्तान के हाइब्रिड मॉडल के प्रस्ताव को मंजूर कर लिया है।
श्रीलंका में आयोजित होंगे भारत के मुकाबले
एशिया कप 2023 में कुल 13 मैच खेले जाएंगे। रिपोर्ट के अनुसार टूर्नामेंट 1 से 17 सितंबर तक आयोजित किया जा सकता है। भारत और पाकिस्तान के मुकाबले श्रीलंका में खेले जाएंगे, अगर भारत फाइनल में पहुंचती है तभी फाइनल श्रीलंका में आयोजित किया जाएगा।
वहीं पाकिस्तान में आयोजित किए जाने वाले सारे मैच लाहौर में खेले जाएंगे। एशिया कप 2023 में भारत, पाकिस्तान और नेपाल एक ग्रुप में और श्रीलंका, अफगानिस्तान और बांग्लादेश एक ग्रुप में मौजूद है। एशिया कप इस साल 50 ओवर फॉर्मेट में खेला जाएगा। जिसके चलते टीमों को आगामी वनडे वर्ल्ड कप 2023 की तैयारियां करने का मौका भी मिलेगा।
जल्द ही किया जाएगा आधिकारिक ऐलान
ESPNCricinfo की रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान चाहती थी कि यूएई संयुक्त रूप से एशिया कप का आयोजन करें। लेकिन बांग्लादेश ने यूएई के मौसम परिस्थितियों के चलते वहां खेलने से मना कर दिया। जिसके बाद पाकिस्तान और श्रीलंका संयुक्त रूप से एशिया कप का आयोजन करने वाली है।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष नजम सेठी ने हाइब्रिड मॉडल से जुड़ी सारी जानकारी ओमान क्रिकेट हेड पंकज खिमजी और ACC के वाइस प्रेसिडेंट को कुछ हफ्तों पहले दुबई में सौंपी थी। नजम सेठी ने एशियन क्रिकेट काउंसिल के अन्य सदस्यों से भी हाइब्रिड मॉडल को लेकर बात की थी। जिसके बाद ACC ने हाइब्रिड मॉडल के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। एशिया कप के आयोजन को लेकर ACC द्वारा जल्द ही आधिकारीक घोषणा की जाएगी।