धर्मशाला से छीनी जा सकती है बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के तीसरे टेस्ट की मेजबानी, सामने आई बड़ी वजह - क्रिकट्रैकर हिंदी

धर्मशाला से छीनी जा सकती है बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के तीसरे टेस्ट की मेजबानी, सामने आई बड़ी वजह

BCCI का मानना है कि हाल ही में स्टेडियम को रेनोवेट (Renovate) किया गया है और उसे पूरी तरह से तैयार करने में अभी काफी समय लगेगा।

Dharamshala
Dharamshala. (Photo Source: Twitter)

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर टेस्ट सीरीज की शुरुआत हो चुकी है। इस समय बॉर्डर-गावस्कर सीरीज का पहला टेस्ट नागपुर में खेला जा रहा है।

हालांकि इस शानदार टेस्ट सीरीज के तीसरे टेस्ट के वेन्यू को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक यह मुकाबला पहले धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाना था लेकिन अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) इस वेन्यू को बदल सकता है। ऐसा इसलिए क्योंकि BCCI का मानना है कि हाल ही में स्टेडियम को रेनोवेट (Renovate) किया गया है और उसे पूरी तरह से तैयार करने में अभी काफी समय लगेगा।

हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम बहुत ही शानदार स्टेडियम है। इस मैदान पर अभी तक सिर्फ एक ही अंतरराष्ट्रीय टेस्ट मुकाबला खेला गया है। बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2016-17 सीजन में भारत ने यहां खेले गए मुकाबले को मात्र 4 दिनों में ही जीत लिया था और सीरीज को 2-1 से अपने नाम किया था।

आउटफील्ड की मरम्मत और नए ड्रेनेज सिस्टम को लगाने का फैसला एसोसिएशन ने लिया और इसी वजह से लगभग 1 साल से यहां पर क्रिकेट नहीं खेला गया है। अभी तक आउटफील्ड पूरी तरह से तैयार नहीं हुई है और इसी वजह से भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने यह फैसला लिया है।

दूसरा टेस्ट मुकाबला 17 फरवरी से दिल्ली में खेला जाएगा

बता दें, पहला टेस्ट इस समय नागपुर में खेला जा रहा है जबकि दोनों टीमों के बीच दूसरा टेस्ट मुकाबला 17 फरवरी से दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। दूसरे टेस्ट के लिए टिकटों की बिक्री पहले से ही शुरू हो चुकी है। BCCI ने इस शानदार टेस्ट सीरीज के पहले दो टेस्ट मुकाबलों के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी थी। चौथा टेस्ट अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 9 मार्च से 13 मार्च तक खेला जाएगा।

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2022-23 सीजन की अंक तालिका में ऑस्ट्रेलिया इस समय पहले स्थान पर है जबकि भारत दूसरे पायदान पर है। अब यह भी सवाल उठता है कि अगर तीसरा टेस्ट धर्मशाला में नहीं खेला जाता है तो किस वेन्यू पर खेले जाने की उम्मीद है।

close whatsapp