रेस्ट ऑफ द वर्ल्ड से भिड़ सकती है टीम इंडिया, स्वतंत्रता दिवस जश्न के मौके पर खेला जा सकता है स्पेशल मैच - क्रिकट्रैकर हिंदी

रेस्ट ऑफ द वर्ल्ड से भिड़ सकती है टीम इंडिया, स्वतंत्रता दिवस जश्न के मौके पर खेला जा सकता है स्पेशल मैच

भारत इस साल 15 अगस्त को अपना 75वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा।

India. (Photo by Bradley Kanaris/Getty Images)
India. (Photo by Bradley Kanaris/Getty Images)

हालिया एक रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय सरकार ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को एक मुकाबले का प्रस्ताव भेजा है जिसमें कहा गया है कि भारत की आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारत और रेस्ट ऑफ द वर्ल्ड के बीच में 22 अगस्त को एक क्रिकेट मैच का आयोजन किया जाना चाहिए।

सूत्रों के मुताबिक, यह प्रस्ताव संस्कृति मंत्रालय द्वारा भेजा गया है और वो लोग राष्ट्रीय क्रिकेट बोर्ड के अधिकारियों के साथ इस बारे में बातचीत कर रहे हैं। उनका कहना है कि आजादी के अमृत महोत्सव अभियान के तहत भारतीय खिलाड़ियों के साथ-साथ विदेशी खिलाड़ियों को भी इस अभियान के लिए जोड़ा जाए और साथ ही में एक क्रिकेट मुकाबले का आयोजन किया जाए।

BCCI ने इस प्रस्ताव को लेकर बयान दिया है कि अभी यह सिर्फ चर्चा के चरणों में है और तब ही इसपर हामी भरी जाएगी जब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर्स इस मैच को खेलने के लिए तैयार होते हैं या नहीं। साथ ही वो लोग सभी बोर्ड्स के अधिकारियों से भी इस मामले को लेकर बातचीत करेंगे।

भारत सरकार के हमें प्रस्ताव मिला है: BCCI सूत्र

NDTV के हवाले से एक सूत्र ने कहा कि, ‘हमें भारतीय सरकार की ओर से एक प्रस्ताव मिला है जिसमें कहा गया है कि 22 अगस्त को इंडिया XI और रेस्ट ऑफ द वर्ल्ड XI के बीच एक क्रिकेट मुकाबले का आयोजन करना है। हमें सबसे पहले यह देखना है कि रेस्ट ऑफ द वर्ल्ड XI के लिए हमें 13-14 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की जरूरत होगी और अगर वो उस समय उपलब्ध रहते हैं तभी हम इस क्रिकेट मुकाबले का आयोजन कर पाएंगे। अभी हम इसी को लेकर बातचीत कर रहे हैं।

सूत्र ने इसके आगे बताया कि भारत के दिग्गज क्रिकेटर जैसे विराट कोहली, रोहित शर्मा और बाकी खिलाड़ियों की उपलब्धता को लेकर उनको कोई परेशानी नहीं है क्योंकि इन खिलाड़ियों को अगले महीने होने वाले जिंबाब्वे दौरे के लिए आराम दिया जा सकता है, जिस वजह से वो भारत में ही होंगे। हालांकि विदेशी खिलाड़ियों की उपलब्धता के लिए उन्हें काफी मेहनत करनी होगी और इंग्लिश घरेलू क्रिकेट और कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) में खेल रहे खिलाड़ियों को निमंत्रण भेजना पड़ेगा।

सिर्फ यही नहीं BCCI को विदेशी खिलाड़ियों के लिए खाने से लेकर रहने तक सभी चीजों का प्रबंध करना होगा। मुकाबले के लिए अभी कोई हामी नहीं भरी गई है लेकिन रिपोर्ट की माने तो यह मुकाबला नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा सकता है।

close whatsapp