भारत में 3 चार दिवसीय मुकाबलों की सीरीज खेलने के लिए न्यूजीलैंड-ए टीम कर सकती है दौरा
अगस्त के आखिर में न्यूजीलैंड-ए टीम के भारत दौरे पर आने की उम्मीद है।
CricTracker जूनियर स्टाफ लेखिका
अद्यतन - अगस्त 16, 2022 3:16 अपराह्न

पिछले कुछ सालों में भारतीय क्रिकेट टीम की बेंच स्ट्रेंथ को मजबूत करने में भारतीय-ए टीम की सीरीजों ने अहम भूमिका अदा की है। जिसके बाद कोरोना की वजह से रुकी हुई इन सीरीज को पिछले साल के आखिर में फिर से शुरू किया गया। जिसमें भारतीय-ए टीम ने साल 2021 के नवंबर महीने में साउथ अफ्रीका का दौरा उस समय किया था, जब सीनियर टीम को वहां पर तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने जाना था।
अब न्यूजीलैंड क्रिकेट की ए टीम अगस्त के आखिर में भारत दौरे पर आने की उम्मीद है। जिसमें टीम यहां पर भारत-ए टीम के खिलाफ 3 चार दिवसीय मुकाबले खेलने के साथ 3 लिस्ट-ए मैच भी खेलेगी। साल 2017-18 के बाद ऐसा पहली बार होगा जब न्यूजीलैंड-ए टीम भारत का दौरा करने जा रही है। कीवी-ए टीम के अगस्त के आखिर में भारत पहुंचने की उम्मीद है जिसमें दिलीप ट्रॉफी के शेड्यूल के दौरान उनकी भारत-ए टीम के साथ सीरीज आयोजन किया जा सकता है।
ESPN क्रिकइंफों से एक सूत्र ने अपने दिए बयान में कहा कि, अगस्त के आखिर में न्यूजीलैंड-ए टीम भारत के दौरे पर आएगी जिसमें वह 3 चार दिवसीय मुकाबले खेलने के बाद 3 लिस्ट-ए मैच भी खेलेगी। इन सभी मैचों का आयोजन बेंगलुरु में किया जा सकता है। BCCI इस समय इस सीरीज में एक पिंक बॉल मैच कराने की योजना पर भी काम कर रही है, लेकिन इस पर अभी आधिकारिक तौर पर फैसला लिया जाना बाकी है।
बेंगलुरु में आयोजित किए जा सकते हैं, सभी मुकाबले
न्यूजीलैंड-ए टीम के भारत दौरे के दौरान सभी मैचों का आयोजन बेंगलुरु में कराया जा सकता है। जिसमें राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (NCA) के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण और NCA सपोर्ट स्टाफ ग्रुप में शामिल साइराज बहुतुले और शितांशु कोटक इस सीरीज के दौरान टीम के लिए अपनी भूमिका को अदा कर सकते हैं। इस समय वीवीएस लक्ष्मण भारतीय सीनियर टीम के साथ बतौर मुख्य कोच की भूमिका में जिंबाब्वे दौरे पर खेली जाने वाली 3 वनडे मैचों की सीरीज में अपनी जिम्मेदारी निभायेंगे।
वहीं इस समय भारतीय बोर्ड अभी नवंबर महीने में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से ए टीम के दौरे को लेकर बातचीत कर रहा है। जिसकी शुरुआत इस रणजी सीजन के दौरान की जा सकती है। यदि ऐसा होता है तो यह भारतीय क्रिकेट टीम के लिए काफी शानदार बात साबित हो सकती है।