शेन वॉर्न की मौत पर सामने आई बड़ी अपडेट, थाई पुलिस कर रही है जर्मन महिला से पूछताछ - क्रिकट्रैकर हिंदी

शेन वॉर्न की मौत पर सामने आई बड़ी अपडेट, थाई पुलिस कर रही है जर्मन महिला से पूछताछ

चार मार्च को थाईलैंड के एक विला में हुआ था शेन वॉर्न का निधन।

Shane Warne. (Photo Source: ABC NEWS)
Shane Warne. (Photo Source: ABC NEWS)

शेन वॉर्न का 4 मार्च को थाईलैंड के उनके विला में 52 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके असामयिक निधन ने पूरी दुनिया, सभी प्रशंसकों के साथ-साथ क्रिकेट बिरादरी को भी झकझोर कर रख दिया। वॉर्न के निधन के बाद फैंस समेत कई खिलाड़ी दिग्गज क्रिकेटर को अंतिम सम्मान देने के लिए आगे आए। उनकी मृत्यु का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है क्योंकि उन्हें एक समुंजना रिसॉर्ट विला में बेहोशी की हालत में पाया गया था।

इस बीच स्पिन लेजेंड के निधन के तीन दिन बाद एक महिला ने एम्बुलेंस में बैठने को लेकर सुर्खियां बटोरी हैं। थाईलैंड पुलिस भी इस मामले की जांच कर रही है। वह महिला कथित तौर पर शेन वॉर्न की बहुत बड़ी प्रशंसक है और उसे उस एम्बुलेंस में जाने दिया गया जो वॉर्न के शव के पोस्टमार्टम के लिए ले जा रही थी।

जर्मन महिला से स्थानीय पुलिस ने की पूछताछ

news.com.au के रिपोर्ट के मुताबिक उस महिला का वीडियो भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि वॉर्न के शव के साथ यह एक सुरक्षा उल्लंघन का मामला है। वीडियो फुटेज से पता चला कि एक जर्मन महिला ने एम्बुलेंस के अंदर प्रवेश किया और वैन में अकेले 40 सेकंड बिताए थे। उनके पास फूलों का गुच्छा भी था। लेकिन उस वक्त उसके व्यवहार ने कई सवाल भी खड़े किए कि न तो स्थानीय और न ही ऑस्ट्रेलियाई पुलिस अधिकारी उस एम्बुलेंस के पास थे।

इस बीच यह भी बताया गया है कि थाई पुलिस ने जर्मन महिला से पूछताछ की है, जो कोह समुई में रहती है और कथित तौर पर वॉर्न की बड़ी फैन है जो उन्हें अंतिम सम्मान देना चाहती थी। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि थाई अधिकारियों को बताया गया था कि महिला वॉर्न को व्यक्तिगत रूप से जानती थी। इसलिए लेग स्पिनर को अंतिम सम्मान देने के लिए उसे इजाजत मिली।

हालांकि जो वीडियो सामने आया है, उसमें जर्मन महिला को स्थानीय अधिकारियों के साथ बातचीत करती हुई नजर आई। उसके साथ एक थाई महिला भी वीडियो में दिखी और उन्हें अंग्रेजी और स्थानीय दोनों भाषाओं में बात करते हुए सुना गया।

close whatsapp