क्रिकेट से एक महीने का लंबा ब्रेक लेंगे विराट कोहली, लंदन में अपने परिवार के साथ बिताएंगे वक्त - क्रिकट्रैकर हिंदी

क्रिकेट से एक महीने का लंबा ब्रेक लेंगे विराट कोहली, लंदन में अपने परिवार के साथ बिताएंगे वक्त

कोहली को वेस्टइंडीज के खिलाफ लिमिटेड ओवर्स सीरीज के लिए आराम दिया गया है।

Indian batter Virat Kohli. (Photo by LINDSEY PARNABY/AFP via Getty Images)
Indian batter Virat Kohli. (Photo by LINDSEY PARNABY/AFP via Getty Images)

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली इन दिनों अपने करियर के सबसे कठिन दौर से गुजर रहे हैं। साल 2019 के बाद से उनके बल्ले से एक भी शतक नहीं निकला है। इंग्लैंड के मौजूदा दौरे पर भी उनका बल्ला बिल्कुल खामोश रहा है, जिस वजह से इस वक्त हर तरफ विराट के नाम की चर्चा हो रही है। इस बीच उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी लिमिटेड ओवर्स सीरीज के लिए आराम दिया गया है और अब वो शायद एशिया कप में खेलते हुए नजर आएंगे।

इस बीच कुछ रिपोर्ट्स में यह बताया जा रहा है कि, कोहली इंग्लैंड के खिलाफ खेले जा रहे वनडे सीरीज के समापन के बाद अपने परिवार के साथ कुछ समय बिताने के लिए लंदन में रहेंगे। भारत रविवार, 17 जुलाई को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में सीरीज के निर्णायक तीसरे वनडे मैच में इंग्लैंड का सामना करेगा।

लगभग एक महीने के लिए क्रिकेट से दूर रहेंगे विराट कोहली

टाइम्स ऑफ़ इंडिया के एक रिपोर्ट में यह कहा गया है कि, विराट कोहली क्रिकेट के मैदान से लंबा ब्रेक लेंगे। पूर्व कप्तान कोहली अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा और बेटी वामिका के साथ लंदन में रहेंगे। वहीं उनकी मां भी जल्द लंदन में पहुंचेंगी, जिसके बाद कोहली एक महीने के लिए पूरी तरह से क्रिकेट से दूर रहेंगे।

इस बीच, कोहली के अलावा, जसप्रीत बुमराह को भी वेस्टइंडीज सीरीज के लिए आराम दिया गया है। दोनों ही खिलाड़ियों को न तो एकदिवसीय और न ही T20I टीम में शामिल किया गया है। शिखर धवन इस दौरे पर वनडे सीरीज के दौरान टीम का नेतृत्व करेंगे। नियमित कप्तान रोहित शर्मा को एकदिवसीय मैचों के लिए आराम दिया गया है। रोहित पांच टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारत की कप्तानी करेंगे।

कोहली के लिए इंग्लैंड का अब तक का दौरा भूलने योग्य रहा है। वह पुनर्निर्धारित पांचवें टेस्ट मैच के दोनों पारियों में केवल 11 और 20 रन बना पाए थे। वनडे सीरीज का पहला मैच वो चोटिल होने की वजह से नहीं खेल पाए थे वहीं वह लॉर्ड्स में दूसरे मैच में वो केवल 16 रन बना सके और उस मैच में भारत को 100 रनों से हार का सामना करना पड़ा।

close whatsapp