विराट-रोहित से दिल नहीं भरा तो, अब पंत-धोनी को लेकर वसीम जाफर ने दिया अजीबोगरीब बयान
अपने छोटे से टेस्ट करियर में चार शतक लगा चुके हैं विराट कोहली।
अद्यतन - मार्च 16, 2022 6:06 अपराह्न

भारत के पूर्व क्रिकेटर वसीम जाफर का मानना है कि ऋषभ पंत एमएस धोनी से बेहतर विकेटकीपर-बल्लेबाज बन सकते हैं। पंत श्रीलंका के खिलाफ अपनी दो मैचों की टेस्ट सीरीज के दौरान भारतीय टीम के लिए सबसे अधिक रन बनाने वाले तीसरे खिलाड़ी थे। मोहाली में खेले गए पहले टेस्ट मैच में वह सिर्फ चार रन से शतक बनाने से चूक गए।
बैंगलोर में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में, जहां गेंद पहले दिन से घूम रही थी, बाएं हाथ के बल्लेबाज ने टेस्ट में एक भारतीय द्वारा सबसे तेज अर्धशतक लगाया। उन्होंने कपिल देव, वीरेंद्र सहवाग और शार्दुल ठाकुर को पछाड़ते हुए 28 गेंदों में अर्धशतक जड़ा और टीम ने 238 रन से मैच जीत लिया। पंत ने लंका टेस्ट सीरीज में 61.66 की औसत से 185 रन बनाए।
इंटरनेशनल क्रिकेट में हाल के दिनों में खेली गई कुछ शानदार परियों के बाद कई पूर्व क्रिकेटरों ने ऋषभ पंत की तारीफ की है और दावा किया है कि वह एमएस धोनी की तुलना में बेहतर विकेटकीपर-बल्लेबाज बन सकते हैं। भारत के पूर्व टेस्ट सलामी बल्लेबाज वसीम जाफर का भी मानना है कि पंत निश्चित रूप से धोनी से आगे निकल जाएंगे।
ईएसएसपीएन क्रिकइंफो के साथ बातचीत में वसीम जाफर ने कहा कि, “हां, वह निश्चित रूप से धोनी से बेहतर विकेटकीपर-बल्लेबाज बन सकते हैं। इतनी कम उम्र में, उन्होंने पहले ही कुछ अविश्वसनीय पारी खेली है। इसलिए मेरा मानना है कि आने वाले 8-10 वर्षों में वह और अधिक परिपक्व होंगे। वह और अधिक अनुभव के साथ निश्चित रूप से धोनी से भी बेहतर हो सकते हैं।”
बता दें कि हाल ही में जाफर ने रोहित शर्मा और विराट कोहली को लेकर ऐसा बयान दिया था और उन्होंने कहा था कि भविष्य में रोहित विराट से बड़े टेस्ट कप्तान बन सकते हैं।
क्या कहते हैं धोनी और पंत के आंकड़े?
एमएस धोनी 2005 में पदार्पण करने और 2014 में प्रारूप से संन्यास लेने के बीच 90 टेस्ट खेले। टेस्ट क्रिकेट में उनकी आंकड़ों की बात करें तो, दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 38.09 के औसत से छह शतक और 33 अर्द्धशतक के साथ 4876 रन बनाए। विकेटकीपिंग के आंकड़ों की बात करें तो उनके नाम 256 कैच और 38 स्टंपिंग हैं।
ऋषभ पंत ने 2018 से 2022 तक 30 मैच खेले हैं। इन मैचों में, बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 40.85 के औसत से 1920 रन बनाए हैं, जिसमें चार शतक और नौ अर्द्धशतक शामिल हैं। बाएं हाथ के इस खिलाड़ी ने इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और भारत में शतक लगाए हैं। उनके विकेटकीपिंग की बात करें तो उनके नाम 107 कैच और 11 स्टंपिंग हैं।