ENG vs IND: लीड्स टेस्ट मैच में शतक जड़ते ही ऋषभ पंत ने रचा इतिहास, तोड़ा धोनी का यह बड़ा रिकाॅर्ड
पंत ने अपना शतक 146 गेंदों में पूरा किया
अद्यतन - जून 21, 2025 4:59 अपराह्न

इंग्लैंड और भारत के बीच जारी टेस्ट सीरीज का पहला मैच 20 जून से लीड्स के हेंडिग्ली मैदान पर खेला जा रहा है। तो वहीं, इस मुकाबले में टीम इंडिया की ओर से स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने शतकीय पारी खेल, पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी के एक बड़े रिकाॅर्ड को अपने नाम कर लिया है।
बता दें कि पंत ने इंग्लिश गेंदबाजों की जमकर खबर लेते हुए, 146 गेंदों में करियर का 7वां शतक पूरा किया। इंग्लैंड में यह पंत का तीसरा शतक है। इसके साथ ही अब पंत भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में बतौर विकेटकीपर सबसे ज्यादा शतक (7) लगाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
पंत ने इस मामले में धोनी को पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने बतौर विकेटकीपर टेस्ट करियर में कुल 6 शतक लगाए थे। इसके अलावा पंत ने अपनी शतकीय पारी के दौरान 10 चौके और 4 बेहतरीन छक्के लगाए। साथ ही शतक लगाने के बाद पंत को मैदान पर कलाबाजी कर सेलेब्रेट करते हुए भी देखा गया।
देखें ऋषभ पंत की यह वायरल वीडियो
Rishabh Pant's back flip has become the signature celebration for Pant post accident comeback,this is surely gonna ne the most decorated celebration in future 🔥
Well done Spidy 🫡#RishabhPant #INDvsENG pic.twitter.com/9dtzuuDuhn— Pawan Mathur (@ImMathur03) June 21, 2025
दूसरे दिन भी भारतीय बल्लेबाजों का कहर जारी
दूसरी ओर, आपको इस मैच का हाल बताएं तो टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने लीड्स टेस्ट मैच के दूसरे दिन भी कमाल की बल्लेबाजी की है। पहले दिन 85 ओवर बल्लेबाजी करने के बाद 359 रन बनाने वाले टीम इंडिया ने खेल के दूसरे दिन खबर लिखे जाने तक 100 ओवर बाद तीन विकेट के नुकसान पर कुल 426 रन बना लिए हैं। क्रीज पर इस समय शुभमन गिल 144* और ऋषभ पंत 112 रन बनाकर मौजूद हैं।
दूसरी ओर, इंग्लैंड की गेंदबाजी के बारे में बात की जाए तो कप्तान बेन स्टोक्स को दो सफलता मिली हैं। इसके अलावा ब्रायडन कार्स को एक विकेट मिला है। देखने लायक बात होगी कि खेल के दूसरे दिन, भारतीय टीम अपनी इस पारी में और कितने रन कर इजाफा कर पाती है?