ICC ने किया 2023 ODI Team of The Year का ऐलान, रोहित को बनाया कप्तान, छह भारतीय को मिली जगह

ICC ने रोहित शर्मा को 2023 की वनडे टीम का कप्तान चुना है।

Advertisement

Team India (Photo Source: Getty Images)

इंटरनेशनल क्रिकेट काउन्सिल (ICC) ने हाल ही में साल 2023 की ODI टीम का ऐलान किया है। ICC ने रोहित शर्मा को इस वनडे टीम का कप्तान चुना है, जबकि वर्ल्ड कप 2023 विजेता टीम के कप्तान पैट कमिंस को इस टीम में भी शामिल नहीं किया गया है। इसके पीछे का कारण ये है कि उन्होंने 2023 में ज्यादा वनडे क्रिकेट नहीं खेली थी। इस टीम में अधिकतर टीम इंडिया के प्लेयर्स को जगह मिली है।

Advertisement
Advertisement

रोहित शर्मा समेत कुल 6 भारतीय खिलाड़ियों को इस टीम में जगह मिली है। साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के दो-दो खिलाड़ी इस टीम का हिस्सा हैं। वहीं, न्यूजीलैंड के एक खिलाड़ी को इसमें जगह मिली है। भारत की तरफ से रोहित शर्मा, शुभमन गिल, विराट कोहली, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव को चुना गया है। रोहित शर्मा और शुभमन गिल को इस टीम में बतौर ओपनर जगह मिली है।

साल 2023 में खूब चला था विराट और रोहित का बल्ला

रोहित शर्मा की बात करें तो उन्होंने पूरे साल भर में 52 से अधिक की औसत से 1255 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका सर्वोच्च स्कोर 131 रहा, जो उन्होंने ODI वर्ल्ड कप 2023 में अफगानिस्तान के खिलाफ बनाया था। वहीं विराट ने 2023 में 1377 रन  बनाए थे। वहीं वनडे वर्ल्ड कप में वो सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज थे।

इसके अलावा वर्ल्ड कप 2023 विजेता टीम ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज ट्रेविस हेड और स्पिनर एडम जम्पा को जगह मिली है। वहीं, साउथ अफ्रीका के हेनरिक क्लासेन और मार्को यानसेन इस टीम का हिस्सा हैं। क्लासेन इस टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज हैं। वहीं, न्यूजीलैंड के एकमात्र बल्लेबाज डेरिल मिचेल इस टीम में हैं। बता दें कि, आईसीसी ने जिन खिलाड़ियों को इस टीम में जगह दी है, उनमें से ज्यादातर खिलाड़ियों ने वर्ल्ड कप 2023 के दौरान अच्छा प्रदर्शन किया था।

ICC ODI टीम ऑफ द ईयर 2023

रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, ट्रेविस हेड, डेरिल मिचेल, हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), मार्को यानसेन, एडम जैम्पा, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव और मोहम्मद शमी

Advertisement