टी-20 वर्ल्ड कप 2022: देर रात मुंबई एयरपोर्ट से ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना हुई टीम इंडिया
टी-20 वर्ल्ड कप में भारत का पहला मुकाबला 23 अक्टूबर को पाकिस्तान से होगा।
अद्यतन - अक्टूबर 6, 2022 8:33 पूर्वाह्न

टी-20 वर्ल्ड कप के शुरू होने में महज 10 दिनों का वक्त बाकी रह गया है। इसके लिए अब सभी टीमें धीरे-धीरे ऑस्ट्रेलिया पहुंचना शुरू कर चुकी हैं। इसी बीच टीम इंडिया भी 6 अक्टूबर की सुबह ऑस्ट्रेलिया के लिए मुंबई एयरपोर्ट से रवाना हुई। सोशल मीडिया पर जारी कुछ वीडियो में टीम इंडिया के सभी खिलाड़ी मुंबई एयरपोर्ट बस से पहुंचते हुए दिख रहे हैं।
वहीं टीम इंडिया के कुछ खिलाड़ियों ने भी उड़ान भरने से पहले अपनी कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की है। बुमराह चोटिल होने की वजह टी-20 वर्ल्ड कप से बाहर हो चुके हैं इसी वजह से टीम इंडिया फिलहाल 14 खिलाड़ियों के साथ ऑस्ट्रेलिया गई है। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही बुमराह के रिप्लेसमेंट का ऐलान होगा।
यहां देखिए टीम इंडिया का वो वीडियो
#WATCH | Team India departs from Mumbai for ICC Men’s T20 World Cup 2022 in Australia. pic.twitter.com/PtqYR5ykNM
— ANI (@ANI) October 5, 2022
साउथ अफ्रीका के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज के खत्म होने के बाद रिजर्व खिलाड़ी भी ऑस्ट्रेलिया में टीम के साथ जुड़ेंगे। टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया पहुंचकर सबसे पहले पर्थ में अपना ट्रेनिंग कैंप लगाएगी। हालांकि वहां टीम के साथ नेट गेंदबाज होंगे जो भारतीय बल्लेबाजों को वहां की तेज और उछाल वाली पिचों पर अभ्यास करने में मदद करेंगे।
बता दें कि, टी-20 वर्ल्ड कप की शुरुआत 16 अक्टूबर से होगी। हालांकि, शुरुआत में क्वालिफाइंग राउंड खेले जाएंगे। चार टीमें सुपर-12 राउंड के लिए क्वालिफाई करेंगी। इसके बाद 22 अक्टूबर से सुपर-12 राउंड की शुरुआत होगी। मौजूदा टॉप आठ टीमें सीधे सुपर-12 राउंड के लिए क्वालिफाई कर चुकी हैं। इस वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का पहला मुकाबला 23 अक्तूबर को पाकिस्तान के खिलाफ होगा।
टी-20 वर्ल्ड कप के लिए भारत का स्क्वॉड :
रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुडा, ऋषभ पंत, दिनेश कार्तिक, हार्दिक पंड्या, आर अश्विन, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, हर्षल पटेल, अर्शदीप सिंह
स्टैंडबॉय: मोहम्मद शमी, श्रेयस अय्यर, रवि बिश्नोई, दीपक चाहर