अफगानिस्तान के खिलाफ पहले वनडे में मोहिंदर अमरनाथ के इस रिकाॅर्ड को तोड़ सकते हैं रोहित शर्मा
आइए आपको रोहित के इस रिकाॅर्ड के बारे में जानकारी देते हैं।
अद्यतन - जून 13, 2026 12:05 अपराह्न

भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज की शुरुआत आज 13 जून, शनिवार से हो रही है। वनडे सीरीज का पहल मैच दोनों टीमों के बीच दोपहर 1.30 बजे से हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) स्टेडियम, धर्मशाला में खेला जाएगा। इस मुकाबले में भारतीय टीम अनुभवी विराट कोहली के बिना ही खेलती हुई दिखेगी।
दूसरी ओर, इस मैच में अनुभवी बल्लेबाज व पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के पास एक खास रिकाॅर्ड को अपने नाम करने का मौका होगा। अगर रोहित अफगानिस्तान के खिलाफ पहले वनडे मैच में ऐसा करने में सफल रहे, तो वह पूर्व भारतीय ऑलराउंडर मोहिंदर अमरनाथ को पीछे छोड़ देंगे।
इस रिकाॅर्ड को अपने नाम कर सकते हैं रोहित शर्मा
बता दें कि भारत के लिए सबसे अधिक उम्र में वनडे मैच खेलने का रिकाॅर्ड मोहिंदर अमरनाथ के नाम है। उन्होंने 39 साल और 36 दिनों की उम्र में भारत के लिए वनडे मैच खेला था। तो वहीं, जब रोहित अफगानिस्तान के खिलाफ धर्मशाला में पहला वनडे मैच खेलने उतरेंगे, तो उनकी उम्र 39 साल 44 दिन की हो गई होगी।
अगर रोहित यह मैच खेलने में कामयाब रहे, तो वह सबसे अधिक उम्र में भारत के लिए वनडे मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे। दूसरी ओर, वनडे क्रिकेट इतिहास में सबसे अधिक उम्र में मैच खेलने का रिकाॅर्ड नीदरलैंड के नोलन क्लार्क के नाम दर्ज है। उन्होंने 47 साल 257 दिनों की उम्र में अपना आखिरी वनडे मैच खेला था।
भारत बनाम अफगानिस्तान मैच के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग XI
भारत (IND): रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव
अफगानिस्तान (AFG): रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, सेदिकुल्लाह अटल, हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), रहमत शाह, अजमतुल्लाह उमरजई, मोहम्मद नबी, राशिद खान, मोहम्मद सलीम, एएम गजनफर, जियाउर रहमान