IND vs WI: वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में रोहित-विराट के निशाने पर ये बड़े 'रिकॉर्ड'

IND vs WI: वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में रोहित-विराट के निशाने पर ये बड़े ‘रिकॉर्ड’

वेस्टइंडीज के खिलाफ दोनों दिग्गजों का शानदार रिकॉर्ड, रोको कई रिकॉर्ड के करीब

Virat Kohli and Rohit Sharma (Image credit Twitter - X)
Virat Kohli and Rohit Sharma (Image credit Twitter – X)

भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला का पहला मुकाबला 27 सितंबर को तिरुवनंतपुरम में खेला जा रहा है। इस मैच में सभी क्रिकेट फैंस की नजरें रोहित शर्मा और विराट कोहली पर होंगी। दोनों अनुभवी बल्लेबाज कई बड़ी उपलब्धियों के करीब हैं और उनके पास इस सीरीज में नए रिकॉर्ड बनाने का मौका है।

विराट कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 43 मुकाबलों की 41 पारियों में 2,261 रन बनाए हैं। उनका बल्लेबाजी औसत 66.50 है। इस दौरान उन्होंने नौ शतक और 11 अर्धशतक लगाए हैं।

विराट अब एकदिवसीय क्रिकेट में 15 हजार रन पूरे करने से सिर्फ 59 रन दूर हैं। उन्होंने 314 मुकाबलों में 14,941 रन बनाए हैं। अगर वह यह आंकड़ा हासिल करते हैं, तो सचिन तेंदुलकर के बाद 15 हजार एकदिवसीय रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन जाएंगे।

सचिन के रिकॉर्ड पर विराट की नजर

विराट के नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में फिलहाल 85 शतक हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ उनके नाम नौ शतक हैं। तिरुवनंतपुरम में भी उनका रिकॉर्ड शानदार है। यहां खेले दो एकदिवसीय मुकाबलों में उन्होंने 199 रन बनाए हैं और अभी तक आउट नहीं हुए हैं।

इसके अलावा विराट लिस्ट ए क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर के 60 शतकों के रिकॉर्ड से सिर्फ दो शतक दूर हैं। घरेलू मैदान पर सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय शतक के मामले में भी वह सचिन के 42 शतकों से दो कदम पीछे हैं।

घरेलू मैदान पर एकदिवसीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में भी विराट सचिन के करीब हैं। सचिन के नाम 6,976 रन हैं, जबकि विराट 6,867 रन बना चुके हैं।

रोहित के पास भी बड़ी उपलब्धि का मौका

रोहित शर्मा 12 हजार एकदिवसीय रन पूरे करने से सिर्फ 105 रन दूर हैं। उन्होंने अब तक 288 मुकाबलों में 11,895 रन बनाए हैं, जिसमें 34 शतक शामिल हैं।

रोहित बतौर सलामी बल्लेबाज भी 10 हजार रन पूरे करने की दहलीज पर हैं। उन्होंने सलामी बल्लेबाज के रूप में 9,865 रन बनाए हैं और इस आंकड़े तक पहुंचने के लिए उन्हें 135 रन और चाहिए। इस सीरीज में रोहित शर्मा के पास इन रिकाॅर्ड्स को अपने नाम करने का सुनहरा मौका होगा।

वेस्टइंडीज के खिलाफ रोहित और विराट के आंकड़े बेहद प्रभावशाली रहे हैं। रोहित ने 37 मुकाबलों में 1,613 रन बनाए हैं, जबकि विराट के नाम 2,261 रन हैं। ऐसे में तिरुवनंतपुरम में होने वाला पहला मुकाबला दोनों दिग्गजों के लिए व्यक्तिगत रिकॉर्ड के लिहाज से खास हो सकता है और वे कई रिकाॅर्ड्स को अपने नाम कर सकते हैं।

ये भी पढ़ें – Asian Games के चलते वेस्टइंडीज ODI सीरीज से बाहर हुए 5 बड़े भारतीय खिलाड़ी

close whatsapp