IND vs ENG: जो रूट के जसप्रीत बुमराह के खिलाफ विकेट को लेकर आरपी सिंह ने दिया हैरान कर देने वाला बयान
इस समय इंग्लैंड भारत के खिलाफ तीसरा टेस्ट राजकोट में खेल रहा है।
अद्यतन - फरवरी 17, 2024 8:35 अपराह्न

आरपी सिंह ने इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट के जसप्रीत बुमराह के खिलाफ अपने विकेट खोने को लेकर बड़ा बयान दिया है। बता दें, इस समय इंग्लैंड भारत के खिलाफ तीसरा टेस्ट राजकोट में खेल रहा है।
इंग्लैंड के शानदार बल्लेबाज जो रूट तीसरे टेस्ट की पहली पारी में बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे और 18 रन बनाकर जसप्रीत बुमराह की गेंद पर आउट हो गए। जो रूट जसप्रीत बुमराह की गेंद पर रिवर्स स्कूप खेलना चाह रहे थे लेकिन गेंद उनके बल्ले से लगकर दूसरी स्लिप पर खड़े यशस्वी जायसवाल के पास गई जहां उन्होंने काफी अच्छा कैच पकड़ा।
भारत ने अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर 445 रन बनाए थे जिसके जवाब में इंग्लैंड अपनी पहली पारी में 319 रन पर ऑलआउट हो गया। आरपी सिंह ने कलर्स सिनेप्लेक्स पर बातचीत के दौरान कहा कि, ‘जो शॉट रूट ने खेला था अगर वो किसी और ने घरेलू क्रिकेट या क्लब स्तर में खेल होता तो उसका करियर पूरी तरह से खत्म हो चुका होता।
उन्हें पहले इसे सही करने की जरूरत है क्योंकि आप इस तरीके से नहीं खेल सकते हैं। मुझे नहीं पता की सपोर्ट स्टाफ इस शॉट को कैसे देखेगा। मुझे बिल्कुल उम्मीद नहीं थी कि ऐसा शानदार खिलाड़ी इस तरीके के शॉट को खेलेगा और वो भी जसप्रीत बुमराह के खिलाफ। मैं इसे देखकर काफी हैरान था।’
इस सीरीज में जसप्रीत बुमराह ने जो रूट के खिलाफ काफी अच्छी गेंदबाजी की है: आरपी सिंह
आरपी सिंह ने आगे कहा कि, ‘जसप्रीत बुमराह ने इस सीरीज में जो रूट के खिलाफ काफी अच्छी गेंदबाजी की है और वो उनके ऊपर लगातार दबाव डाल रहे हैं। जो रूट को जसप्रीत बुमराह के खिलाफ आराम से खेलना होगा।
कभी-कभी आप अच्छी गेंद पर बड़े शॉट्स नहीं लगा पाते हैं इसलिए आपके ऊपर दबाव आता है। जसप्रीत बुमराह के दिमाग में यह बात पहले से चलती है कि वो रूट का विकेट ले लेंगे। उन्होंने रूट के खिलाफ काफी अच्छी गेंदबाजी की है।’