ऋतुराज गायकवाड़ हुए टी-20 सीरीज से बाहर, ये खिलाड़ी हुआ टीम में शामिल
ऋतुराज को कलाई में चोट के कारण बल्लेबाजी करने में परेशानी हो रही थी।
अद्यतन - फरवरी 25, 2022 10:35 अपराह्न

भारतीय बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ श्रीलंका टीम के खिलाफ बचे हुए टी-20 मैचों से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह दाएं हाथ के मयंक अग्रवाल को श्रीलंका के खिलाफ अंतिम 2 टी-20 मैचों के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। भारतीय क्रिकेट टीम के एक प्रवक्ता ने कहा कि गायकवाड़ की कलाई में कुछ दर्द है और इससे उनके बल्लेबाजी करने का तरीका प्रभावित हो रहा है।
प्रवक्ता ने यह भी कहा कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) का मेडिकल स्टाफ बल्लेबाज के चोट की जांच करेगा। प्रवक्ता ने क्रिकबज के हवाले से कहा कि, “ऋतुराज गायकवाड़ ने अपनी दाहिनी कलाई में दर्द की शिकायत की, जिससे उनकी बल्लेबाजी प्रभावित हो रही है। वह पहले T20I के लिए चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे। बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी जांच कर रही है।”
चंडीगढ़ से धर्मशाला पहुंचे मयंक अग्रवाल
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के एक सूत्र ने यह भी कहा कि गायकवाड़ की जगह टीम में अग्रवाल को भेजना आसान था क्योंकि यह बल्लेबाज चंडीगढ़ में ही था और वहां से धर्मशाला काफी नजदीक है। बीसीसीआई के एक सूत्र ने कहा कि, “अग्रवाल को टीम में भेजना मुश्किल नहीं था क्योंकि यह आसानी से बबल-टू-बबल ट्रांसफर हो सकता था। वह चंडीगढ़ में थे और उन्हें तुरंत टीम में शामिल किया गया।”
भारत इस समय तीन मैचों की टी-20 सीरीज में 1-0 से आगे चल रहा है। पहले टी-20 में, रोहित शर्मा की टीम ने एक शानदार प्रदर्शन किया और श्रीलंका की टीम को लखनऊ में खेले गए शुरुआती मुकाबले में 62 रनों के अंतर से हराया। बाएं हाथ के बल्लेबाज इशान किशन ने शानदार 89 रनों की पारी खेली और प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता।
भारतीय टीम के लिए पिछला कुछ वक्त खिलाड़ियों की फिटनेस के लिहाज से सही नहीं रहा है। पहले उप-कप्तान केएल राहुल और ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर चोट के कारण वेस्टइंडीज के खिलाफ पूरे सीरीज से बाहर हो गए थे। वहीं इसके बाद विंडीज टी-20 सीरीज के बाद दीपक चाहर और सूर्यकुमार यादव भी चोट की चपेट में आ गए और उन्हें भी श्रीलंका के खिलाफ इस सीरीज से बाहर होना पड़ा।