ऋतुराज गायकवाड़ का बड़ा खुलासा, बताया कि महाराष्ट्र से होने के बावजूद वेडिंग सेरेमनी में आखिर क्यों थी साउथ कल्चर की झलक
गायकवाड़ ने 3 जून को क्रिकेटर उत्कर्षा पवार से की थी शादी
अद्यतन - जून 13, 2023 5:51 अपराह्न

भारतीय क्रिकेट टीम और आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए ओपनिंग करने वाले युवा बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ हाल में ही 3 जून को क्रिकेटर उत्कर्षा पवार के साथ शादी के बंधन में बंधे थे। बता दें कि दोनों एक दूसरे को काफी समय से डेट कर रहे थे और अंत में उन्होंने एक होने का फैसला किया।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र से होने के बावजूद गायकवाड़ और उत्कर्षा की शादी महाबलेश्वर में हुई और उनकी शादी की सेरेमनी में दक्षिण संस्कृति (साउथ कल्चर) की झलक देखने को मिली थी। लेकिन अब खुद गायकवाड़ ने इस राज से पर्दा उठा दिया है कि आखिर क्यों उनकी शादी में साउथ कल्चर की झलक दिखी थी।
बता दें कि ऋतुराज गायकवाड़ ने 12 जून को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट कर इस राज से पर्दा उठाया है। गायकवाड़ ने कहा है कि उत्कर्षा ने शादी समारोह को दक्षिण संस्कृति और चेन्नई के लोगों को समर्पित करने का फैसला किया था। वह उनके प्रति अपना सम्मान दिखाना चाहती थी क्योंकि उन्होंने गायकवाड़ के आईपीएल करियर की शुरूआत में काफी समर्थन किया था।
गायकवाड़ ने अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा- उत्कर्ष मेरे जीवन का हिस्सा है और मेरे जीवन के महत्वपूर्ण पलों को वह शुरूआत से ठीक तरह से जानती थी। वह पूरी तरह से महाराष्ट्रियन इंगेजमेंट को चेन्नई के लोगों और साउथ कल्चर को समर्पित करना चाहती थी, क्योंकि वह उस शहर और चेन्नई सुपर किंग्स के महत्व को जानती थी कि उन्होंने मेरी जिंदगी में क्या किया है। वास्तव में यह बहुत स्पेशल था, आइ लव यू, उत्कर्षा।
देखें गायकवाड़ की इंस्टाग्राम पोस्ट
वेस्टइंडीज दौरे में नजर आ सकते हैं गायकवाड़
दूसरी ओर आपको ऋतुराज गायकवाड़ के बारे में जानकारी दें तो वह अब जुलाई 2023 में होने वाले वेस्टइंडीज दौरे के लिए भारतीय क्रिकेट टीम की लिमिटेड ओवर फाॅर्मेट की टीम में खेलते हुए नजर आ सकते हैं। हालांकि, पिछले साल 2022 में आयरलैंड के खिलाफ खेलने के बाद से वह टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं। ऐसे में अब देखना होगा कि उनका चयन वेस्टइंडीज दौरे के लिए होता है या नहीं।