धोनी की देखरेख में यह बल्लेबाज कर रहा है फिनिशर बनने की तैयारी
ऋतुराज गायकवाड़ इस साल आईपीएल में ऑरेंज कैप विजेता थे।
अद्यतन - नवम्बर 16, 2021 4:00 अपराह्न

IPL 2021 में शानदार प्रदर्शन करने वाले ऋतुराज गायकवाड़ ने बड़ा बयान दिया है, जहां उनका मानना है कि चाहे वो किसी भी स्थान पर बल्लेबाजी करें, उनकी सोच हमेशा एक फिनिशर वाली ही होती है। आगामी न्यूजीलैंड सीरीज में कई नए चेहरों को टीम में शामिल किया गया है, जिसमें एक नाम ऋतुराज गायकवाड़ का भी है।
बतौर सलामी बल्लेबाज गायकवाड़ ने इस साल IPL में CSK के लिए शानदार प्रदर्शन किया था और टीम को खिताब दिलाने में अहम रोल निभाया था। वह पहले मध्यक्रम में ही बल्लेबाजी करते थे लेकिन महेंद्र सिंह धोनी ने टीम में उनका इस्तेमाल सलामी बल्लेबाज के तौर पर किया।
गायकवाड़ ने कहा है कि उनका ध्यान हमेशा से मैच फिनिश करने पर रहता है। उन्होंने कहा कि, “मैंने हमेशा मैच खत्म करने पर ध्यान दिया है। मैं इस मानसिकता का आदी हूं, लेकिन मैं हमेशा चीजों को आसान रखने की कोशिश करता हूं। मैंने स्थिति के हिसाब से अपनी बल्लेबाजी में कुछ बदलाव किए हैं और इनसे मुझे फायदा हुआ है। एक-दो बार धोनी ने मुझसे आकर कहा था कि जब गेम मेरे नियंत्रण में हो तो मुझे मैच खत्म करने की कोशिश करनी चाहिए।”
धोनी की तारीफ में गायकवाड़ ने क्या कहा?
ऋतुराज गायकवाड़ पर महेंद्र सिंह धोनी का प्रभाव सिर्फ फिनिशिंग स्किल्स तक ही सीमित नहीं है। 24 वर्षीय बल्लेबाज ने भारत के पूर्व कप्तान की मैच के लिए तैयारियों के बारे में भी बात की, जिसने उन्हें CSK के लिए आईपीएल 2021 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बनने में मदद की।
उन्होंने कहा कि, “मैं पिछले सीजन में ज्यादा स्कोर नहीं कर सका लेकिन धोनी भाई ने मुझे एक जोरदार बात कही। उन्होंने मुझसे कहा कि मुझे टीम में अपनी जगह के बारे में चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि CSK प्रबंधन उनकी प्रतिभा को जानते हैं। उन्हें पता है कि घरेलू क्रिकेट में मैं कैसा प्रदर्शन कर रहा हूं। उन्होंने मुझे CSK के लिए खेलने का आनंद लेने के लिए कहा।”
गायकवाड़ ने बताया कि महेंद्र सिंह धोनी के साथ बातचीत से कई मायनों में मुझे मदद मिली। उन्होंने कहा कि, उन शब्दों ने मुझमें विश्वास भरा और मुझे दिखाया कि कप्तान और फ्रेंचाइजी ने मुझपर कितना विश्वास किया। इससे मुझे अपने आप को शांत करने में मदद मिली क्योंकि मुझे समझ आया कि धोनी मेरा समर्थन कर रहे हैं।