VHT 2023: ऋतुराज गायकवाड ने एक ही ओवर में 7 छक्के जड़ रचा इतिहास - क्रिकट्रैकर हिंदी

VHT 2023: ऋतुराज गायकवाड ने एक ही ओवर में 7 छक्के जड़ रचा इतिहास

ऋतुराज गायकवाड ने 159 गेंदों में 220* रन की नाबाद पारी खेली जिसमें उन्होंने 10 चौके और 16 छक्के जड़े।

Ruturaj Gaikwad (Pic Source-Twitter)
Ruturaj Gaikwad (Pic Source-Twitter)

आज यानी 28 नवंबर को विजय हजारे ट्रॉफी 2022 के दूसरे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में महाराष्ट्र के ऋतुराज गायकवाड ने उत्तर प्रदेश के खिलाफ इतिहास रच दिया। गायकवाड ने 159 गेंदों में 220* रन की नाबाद पारी खेली जिसमें उन्होंने 10 चौके और 16 छक्के जड़े। यही नहीं ऋतुराज गायकवाड ने इस मैच में एक और कीर्तिमान हासिल किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश के स्पिनर शिवा सिंह को एक ओवर में 7 छक्के जड़ डाले।

जी हां आपने बिल्कुल सही सुना। एक ओवर में 7 छक्के। यह सब हुआ महाराष्ट्र की पारी के 49वें ओवर में। शिवा सिंह ने इस ओवर में एक नो बॉल भी फेंकी जिसमें भी ऋतुराज ने शानदार छक्का जड़ा। ऋतुराज गायकवाड के आतंक ने गेंदबाज को पूरी तरह से हिलाकर रख दिया। गायकवाड के दोहरे शतक की बदौलत महाराष्ट्र ने 50 ओवर में 5 विकेट खोकर 330 रन बनाए।

ऋतुराज गायकवाड की रिकॉर्डतोड़ पारी:

बता दें, इस मैच में ऋतुराज गायकवाड के अलावा कोई भी अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहा। गायकवाड के अलावा अजीम काजी और अंकित बावने ने 37-37 रन का योगदान दिया। शिवा सिंह ने कुल 9 ओवर में 88 रन लुटाए। ऋतुराज गायकवाड ने कार्तिक त्यागी को भी नहीं बख्शा। हालांकि त्यागी ने इस मैच में उत्तर प्रदेश के लिए सबसे ज्यादा विकेट चटकाए। उन्होंने 10 ओवर में 66 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।

ऋतुराज गायकवाड ने इस टूर्नामेंट में महाराष्ट्र की ओर से काफी शानदार प्रदर्शन किया है। शिवा सिंह ने अपने इस अंतिम ओवर में कुल 43 रन दिए। अगर उत्तर प्रदेश को सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करना है तो उन्हें 50 ओवर में 331 रन बनाने होंगे। हालांकि विरोधी टीम ने खुद गायकवाड की इस पारी की जमकर तारीफ की

बता दें, चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने आगामी IPL सत्र के लिए ऋतुराज गायकवाड को रिटेन किया है और अब उनका प्रदर्शन देखकर तमाम चेन्नई प्रशंसक काफी खुश हो रहे होंगे। इस नाबाद 220 रन की पारी ने तमाम लोगों का दिल जीत लिया। सोशल मीडिया पर भी गायकवाड की जमकर प्रशंसा हो रही है।

close whatsapp