“…दबाव में होता हूं, समझ नहीं आ रहा क्या करूं” 10 में से 9 टॉस हारने के बाद ऋतुराज गायकवाड़ के बयान ने मचाई सनसनी
सच कहूं तो, जब मैं मैदान में (टॉस के लिए) जाता हूं तो दबाव में होता हूं: ऋतुराज गायकवाड़
अद्यतन - May 2, 2024 11:27 am

आईपीएल 2024 का 49वां मैच चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के बीच खेला गया। चेपॉक स्टेडियम में खेले गए मैच में पंजाब किंग्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 7 विकेट से हराया। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने ऋतुराज के अर्धशतक के दम पर पंजाब के सामने 163 रनों का लक्ष्य रखा। इस लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब की टीम ने 3 विकेट खोकर जीत पक्की कर ली। लेकिन इस मैच में टॉस को लेकर ऋतुराज गायकवाड़ ने ऐसा बयान दिया जो काफी सोचने पर मजबूर कर देगा।
आपको बता दें कि, इस सीजन में 10 में से नौवीं बार CSK के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने टॉस हारा है। ऋतुराज का टॉस हारना कहीं न कहीं CSK की हार के पीछे का मुख्य कारण भी है। बात कर लें पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच की तो, PBKS के कप्तान सैम करन ने एमए चिदंबरम स्टेडियम में टॉस जीता और फील्डिंग का फैसला किया, जो टीम के पक्ष में गया। चेन्नई ने बस 162 रनों ही बनाए और राहुल चाहर और हरप्रीत बराड़ की शानदार गेंदबाजी ने उन्हें बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया।
मैच के बाद टॉस और हार के बारे में बात करते हुए ऋतुराज गायकवाड़ ने कहा,
“मैंने अभ्यास सत्र के दौरान टॉस का अभ्यास किया है, मैच में यह अच्छा नहीं हो रहा है, निश्चित नहीं हूं कि क्या करूं। सच कहूं तो, जब मैं मैदान में (टॉस के लिए) जाता हूं तो दबाव में होता हूं।”
“हमने 50-60 रन दिए। जब हम पहले बल्लेबाजी कर रहे थे तो पिच काफी चुनौतीपूर्ण थी लेकिन बाद में यह बल्लेबाजी के अनुकूल थी। ओस ने स्थिति काफी मुश्किल कर दी थी। पिछले मैच में भी हम बड़े अंतर से मैच जीतकर हैरान थे। कुछ चीजें ऐसी होती हैं जो हमारे हाथ से बाहर होती हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “हम पहली पारी में बेहतर बल्लेबाजी कर सकते थे। पिछले दो मैचों में हमने 200-210 का स्कोर बनाने की अच्छी कोशिश की लेकिन इस पिच पर स्कोर बनाना आसान नहीं था। इस पिच पर 180 रन बनाना भी कम होगा। अभी चार मैच बाकी हैं और हम निश्चित रूप से वापसी करेंगे।”
ऋतुराज आईपीएल के इस सीजन में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने 10 मैचों में 509 रन बनाए हैं और इसके साथ ही उन्होंने ऑरेंज कैप की दौड़ में विराट को पछाड़कर शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। वह अब इस सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।