SA vs AUS: डरबन में कंगारुओं की एकतरफा जीत, दक्षिण अफ्रीका को 214 रनों से रौंदा; सीरीज में बनाई 1-0 की बढ़त
किंग्समीड में ऑस्ट्रेलिया ने रेड-बॉल क्रिकेट में अपना दबदबा दिखाते हुए शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
अद्यतन - अक्टूबर 13, 2026 5:23 अपराह्न

मंगलवार, 13 अक्टूबर को किंग्समीड में ऑस्ट्रेलिया ने रेड-बॉल क्रिकेट में अपना दबदबा दिखाते हुए शानदार खेल का प्रदर्शन किया। उन्होंने पांचवे दिन दक्षिण अफ्रीका को 206 रन पर ऑल-आउट कर पहले टेस्ट में 214 रनों की बड़ी जीत हासिल की।
जॉस हेजलवुड की आखिरी पारी में 49 रन देकर 6 विकेट लेने वाली जबरदस्त गेंदबाजी और मैट रेनशॉ की शानदार बैटिंग की बदौलत, मेहमान टीम ने तीन मैचों की सीरीज में शुरुआती बढ़त बना ली है।
पहले दिन बैटिंग करने का फैसला करते हुए, ऑस्ट्रेलिया ने शुरुआती दबाव का सामना किया था और पहली पारी में 390 रनों का मजबूत स्कोर बनाया। रेनशॉ ने 397 गेंदों पर 190 रनों की शानदार पारी खेलकर टीम को संभाला; उन्होंने वियान मुल्डर (4/68) की अगुवाई वाली खतरनाक प्रोटियाज गेंदबाजी के सामने जबरदस्त हिम्मत दिखाई।
दक्षिण अफ्रीका ने मजबूती से जवाब दिया लेकिन कोई बड़ा स्कोर नहीं बना सका; डेविड बेडिंगहैम (49) के कड़े संघर्ष और निचले क्रम के बल्लेबाजों साइमन हार्मर और केशव महाराज के योगदान के बावजूद टीम 284 रनों पर सिमट गई। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने 54 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि स्टीव स्मिथ ने चार कैच लपके और टेस्ट इतिहास में सबसे ज्यादा कैच (विकेटकीपर के अलावा) लेने के मामले में जो रूट को पीछे छोड़ दिया था।
दक्षिण अफ्रीका के सामने जीत के लिए 421 रनों का लक्ष्य था
106 रन की बढ़त के साथ, ऑस्ट्रेलिया ने अपनी दूसरी पारी में तेजी से रन बनाए। रेनशॉ ने अपनी पहली पारी की शानदार बैटिंग के बाद दूसरी पारी में भी बेहतरीन 82 रन बनाए, जबकि निक मैडिनसन (48) और ब्यू वेबस्टर (39) की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने 6 विकेट पर 314 रन बनाकर पारी घोषित की और दक्षिण अफ्रीका के सामने जीत के लिए 421 रनों का मुश्किल लक्ष्य रखा था।
मुश्किल लक्ष्य का पीछा करते हुए, दक्षिण अफ्रीका के टॉप ऑर्डर के बल्लेबाज टिक नहीं पाए। एडेन मार्करम ने 237 गेंदों पर 75 रन की धीमी लेकिन डटकर खेली गई पारी से अकेले संघर्ष किया। हालांकि, पांचवें दिन हेजलवुड ने दमदार बॉलिंग की और उन्होंने टीम के मिडिल और लोअर ऑर्डर को तहस-नहस कर दिया। मार्करम के आउट होते ही, चाय के ब्रेक से ठीक पहले प्रोटियाज की टीम 206 रन पर सिमट गई, जिससे ऑस्ट्रेलिया को गेबेरहा में होने वाले दूसरे टेस्ट से पहले सीरीज में 1-0 की मजबूत बढ़त मिल गई है।
यह भी पढ़ें – “भुवनेश्वर की वापसी सही फैसला, शमी को भी मिले मौका”: पूर्व मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद का बड़ा बयान