SA vs WI: तेज़ गेंदबाज़ एनरिक नॉर्खिया दूसरे टेस्ट से हुए बाहर - क्रिकट्रैकर हिंदी

SA vs WI: तेज़ गेंदबाज़ एनरिक नॉर्खिया दूसरे टेस्ट से हुए बाहर

एनरिक नॉर्खिया दक्षिण अफ्रीका के मुख्य तेज गेंदबाजों में से एक हैं।

Anrich Nortje
Anrich Nortje. (Photo Source: Getty Images)

दक्षिण अफ्रीका के तेज़ गेंदबाज़ एनरिक नॉर्खिया चोटिल होने की वजह से वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मुकाबले से बाहर हो गए हैं। काफी समय से उनकी कमर में दर्द में दर्द हो रहा है और इसी की वजह से अब दक्षिण अफ्रीका टीम उनको लेकर कोई भी जल्दबाजी नहीं करना चाहती है और इसी वजह से उन्हें दूसरे टेस्ट मैच से बाहर कर दिया गया है।

एनरिक नॉर्खिया दक्षिण अफ्रीका के मुख्य तेज गेंदबाजों में से एक हैं। सेंचुरियन में खेले गए अपने आखिरी टेस्ट मुकाबले में एनरिक नॉर्खिया ने घातक गेंदबाजी करते हुए वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी को पूरी तरह से तहस-नहस कर दिया। पहली पारी में उन्होंने 36 रन देकर 5 विकेट झटके जिसकी वजह से वेस्टइंडीज 212 रन पर ऑलआउट हो गई। दूसरी पारी में उन्होंने 1 विकेट अपने नाम किया। इसके चलते दक्षिण अफ्रीका ने इस मैच को 87 रन से अपने नाम किया।

अब जब एनरिक नॉर्खिया दूसरे टेस्ट मुकाबले में खेलते हुए नजर नहीं आएंगे तो मेजबान के पास अब सिर्फ तीन ही तेज गेंदबाज मौजूद है। कगिसो रबाडा, मार्को जानसेन और जेराल्ड कोएत्ज़ी। फिलहाल मेजबान ने नॉर्खिया के विकल्प की घोषणा नहीं की है। दूसरे टेस्ट मुकाबले में केशव महाराज या साइमन हार्मर में से कोई एक खिलाड़ी प्लेइंग XI में अपनी जगह बना सकता है।

दिल्ली कैपिटल्स के लिए भी बढ़ी चिंता

एनरिक नॉर्खिया IPL में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलेंगे। 31 मार्च से IPL 2023 की शुरुआत होने जा रही है। ऐसे में एनरिक नॉर्खिया का चोटिल होना IPL की इस टीम के लिए चिंता का विषय है। हालांकि उनकी चोट कितनी गंभीर है और वो कब तक क्रिकेट से बाहर रहेंगे यह अभी तक साफ नहीं हो पाया है।

बता दें, एनरिक नॉर्खिया ने दक्षिण अफ्रीका के लिए 19 टेस्ट में 70 विकेट लिए हैं। 19 वनडे में उन्होंने 5.84 की इकोनॉमी से 34 विकेट हासिल किए हैं जबकि 29 टी-20 में उनके नाम 7.12 की इकोनॉमी से 35 विकेट शामिल हैं। दक्षिण अफ्रीका और दिल्ली कैपिटल्स दोनों यही चाहेगी कि नॉर्खिया जल्द से जल्द पूरी तरह से फिट हो जाए और फिर से क्रिकेट खेलते हुए नजर आए।

close whatsapp