आईपीएल 2023 नीलामी में मालामाल होते ही हैरी ब्रूक ने ठुकराया SA20 कॉन्ट्रैक्ट!

जोहान्सबर्ग सुपर किंग्स ने SA20 की नीलामी में हैरी ब्रूक को 21 लाख रुपये में खरीदा था।

Advertisement

Harry Brook (Image Source: Getty Images)

इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज हैरी ब्रूक हाल ही में कोच्ची में संपन्न हुई आईपीएल 2023 नीलामी में मालामाल होने वाले चुनिंदा खिलाड़ियों में से एक थे। सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने नीलामी में हैरी ब्रूक पर 13.25 करोड़ रूपये लुटाकर उन्हें आगामी आईपीएल 2023 के लिए अपनी टीम में शामिल किया।

Advertisement
Advertisement

इस बीच, अब खबर आई है कि इंग्लैंड के युवा बल्लेबाज ने दक्षिण अफ्रीका की फ्रेंचाइजी लीग SA20 के पहले संस्करण से अपना नाम वापस ले लिया है। दरअसल, यह फैसला हैरी ब्रूक का नहीं है, बल्कि इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने व्यस्त कार्यक्रम को देखते हुए यह कदम उठाया है।

ECB ने हैरी ब्रूक का SA20 लीग से नाम वापस लिया

क्रिकबज की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने 28 दिसंबर को SA20 लीग के पहले संस्करण से हैरी ब्रूक का नाम वापस ले लिया है। ईसीबी ने ब्रूक की फ्रेंचाइजी जोहान्सबर्ग सुपर किंग्स और क्रिकेट साउथ अफ्रीका (CSA) को अपने इस फैसले से अवगत करा दिया है। मुमकिन है कि ईसीबी ने यह फैसला युवा बल्लेबाज के वर्कलोड को मैनेज करने के लिए लिया है। हालांकि, ब्रूक की आईपीएल 2023 के लिए उपलब्धता पर कोई संकट नहीं है।

सीएसके के सीईओ कासी विश्वनाथन, जो SA20 में जोहान्सबर्ग फ्रेंचाइजी के मालिक हैं, ने क्रिकबज के हवाले से कहा: ‘हैरी ब्रूक इंग्लैंड के लिए खेल के तीनों प्रारूपों में खेलता है, इसलिए ईसीबी को लगता है कि उसे SA20 में हिस्सा लेने देने की अनुमति देना बहुत जोखिम भरा है। हमें कल रात ईसीबी ने अपना फैसला सुनाया, इसलिए अब हमें ब्रूक का रिप्लेसमेंट ढूंढना होगा।’

हालांकि, हैरी ब्रूक के दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के बीच अगले महीने खेली जाने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज में हिस्सा लेने की उम्मीद है। आपको बता दें, SA20 का पहला सीजन 10 जनवरी से शुरू हो रहा है, जबकि दक्षिण अफ्रीका बनाम इंग्लैंड सीरीज के तीन वनडे मैच 27 जनवरी, 29 जनवरी और 1 फरवरी को खेले जाएंगे।

Advertisement